आंदोलनकारियों के त्याग और बलिदान से बना हमारा राज्यः प्रेमचंद
श्रीदेव सुमन विवि कैंपस में राज्य आंदोलनकारियों को किया गया सम्मानित

ऋषिकेश। उत्तराखंड राज्य स्थापना की रजत जयंती के अवसर पर शनिवार को श्रीदेव सुमन विश्वविद्यालय में राज्य आंदोलनकारी सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में ऋषिकेश विधायक प्रेमचंद अग्रवाल ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की।
समारोह में अग्रवाल ने राज्य निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले आंदोलनकारियों को सम्मानित किया। कहा कि उत्तराखंड राज्य का निर्माण हमारे आंदोलनकारियों के त्याग, संघर्ष और बलिदान का परिणाम है। उनके समर्पण की वजह से ही आज हमारा राज्य विकास की नई ऊंचाइयों को छू रहा है।
अग्रवाल ने कहा कि रजत जयंती का यह अवसर उन सभी वीर आंदोलनकारियों को नमन करने का है जिन्होंने उत्तराखंड राज्य की परिकल्पना को साकार करने के लिए संघर्ष किया। उन्होंने राज्य के सतत विकास, युवाओं के सशक्तिकरण और जनकल्याणकारी नीतियों के माध्यम से आंदोलनकारियों के सपनों का उत्तराखंड बनाने का संकल्प दोहराया।
कार्यक्रम में हरिद्वार सांसद त्रिवेंद्र सिंह रावत, ऋषिकेश मेयर शम्भू पासवान, विश्वविद्यालय के प्राध्यापकगण, छात्र-छात्राएं और बड़ी संख्या में राज्य आंदोलनकारी मौजूद रहे।



