उत्तराखंडदेशयात्रा-पर्यटन

2024 तक पूरी हो ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल परियोजनाः सीएम

मुख्यमंत्री ने की रेल परियोजना की समीक्षा, गूलर में टनल में देखे निर्माण कार्य

• रेल विकास निगम के अधिकारियों ने दी सीएम को आवश्यक जानकारियां
• पीएम नरेंद्र मोदी का ड्रीम प्रोजेक्ट है ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल परियोजना

शिखर हिमालय डेस्क
ऋषिकेश। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ड्रीम प्रोजेक्ट ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल परियोजना के निर्माण को लेकर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी गंभीर हैं। उन्होंने अधिकारियों को परियोजना तयशुदा वक्त (2024) में पूरा करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही निर्माण कार्यो। में आ रही अड़चनों को दूर करने के लिए कहा है। सीएम का कहना है कि यह परियोजना नए भारत का उदय है।

सीएम पुष्कर सिंह धामी मंगलवार को योगनगरी ऋषिकेश रेलवे स्टेशन का निरीक्षण करने पहुंचे। उन्होंने रेल विकास निगम के अधिकारियों से ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल परियोजना की प्रगति से संबंधित जानकारियां ली। निगम के हरिद्वार बाइपास रोड स्थित कार्यालय में परियोजना की समीक्षा करते हुए निर्माण में पेश आ रही दिक्कतों को जाना। माइनिंग, कोर्ट, वन और राजस्व विभाग से जुड़े मसलों को अतिशीघ्र निपटाने के निर्देश अधिकारियों को दिए। कहा कि साल 2024 में कर्णप्रयाग तक रेल पहुंचाने का प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का संकल्प है।

रेलवे स्टेशन पर ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल परियोजना की जानकारी लेते मुख्यमंत्री


लिहाजा, परियोजना निर्माण में तमाम अवरोध को समाप्त करने के लिए यह यह सब किया जा रहा है। कहा कि लोगों ने पहाड़ तक रेल पहुंचाने का सपना देखा था, जो कि अब साकार होने जा रहा है।

मुख्य परियोजना प्रबंधक हिमांशु बडोनी ने डिजिटल प्रजेंटेशन के जरिए सीएम को जानकारियां दी। बताया कि मार्च 2024 तक परियोजना को पूर्ण किए जाने के लिए हरसंभव प्रयास किए जा रहे हैं। ऋषिकेश के बाद परियोजना मुख्यतः अंडरग्राउंड है। भूमि अधिग्रहण किया जा चुका है। रेललाइन पर 12 स्टेशन और 17 टनल बनाए जा रहे हैं।

गूलर में रेललाइन टनल को देखते मुख्यमंत्री


मुख्यमंत्री ऋषिकेश के बाद शिवपुरी में भी रेल परियोजना की स्थिति का जायजा लेने पहुंचे। उन्होंने गुल्लर-डोगी में निर्माणाधीन रेल टनल का स्थलीय निरीक्षण भी किया।

इस दौरान सीएम के साथ विधानसभा अध्यक्ष प्रेमचंद अग्रवाल, कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल, सचिव आर मीनाक्षी सुंदरम, रंजीत सिन्हा, रेल विकास निगम के चीफ प्रोजेक्ट मैनेजर हिमांशु बड़ोनी, जीएम मनोज कुमार पांडेय, जीएम अहित कुमार यादव, वरिष्ठ प्रबंधक ओपी मालगुड़ी, डीजीएम भूपेंद्र सिंह, विजय डंगवाल आदि मौजूद थे।

निगम कर रहा जनकल्याण काम भी
रेल परियोजना प्रबंधक हिमांशु बडोनी ने बताया कि रेल विकास निगम द्वारा अनेक जनकल्याणकारी भी काम किए जा रहे हैं। श्रीनगर में 52 बेड का संयुक्त चिकित्सालय बनाया जा रहा है। ऑक्सीजन प्लांट भी बनाए गए हैं। रेल परियोजना की बेल्ट को हॉर्टिकल्चर और हनी बेल्ट के रूप में विकसित किए जाने के प्रयास किए जा रहे हैं। इसके लिए वृहद स्तर पर वृक्षारोपण किया जा रहा है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!