ढालवाला में आबादी से बाहर बने फोरलेन सड़कः सुबोध उनियाल
ऋषिकेश। कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल ने ढालवाला में प्रस्तावित फोरलेन पर जन शिकायतों के मद्देनजर मंगलवार को नेशनल हाईवे के अधिकारियों के साथ बैठक की। उन्होंने कहा कि यदि स्थानीय लोगों को फोरलेन सड़क के निर्माण से ज्यादा नुकसान होता है, तो आबादी क्षेत्र से फोरलेन सड़क नहीं बनेगी।
ढालवाला में प्रस्तावित बाईपास मार्ग को लेकर एनएच द्वारा लोगों के घरों के भीतर तक अतिक्रमण हटाने के लिए निशान लगाए हैं। जिससे आक्रोशित स्थानीय लोगों ने कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल से शिकायत की। मंगलवार को उनियाल की अध्यक्षता में एनएच विभाग के आला अधिकारियों और ढालवाला के स्थानीय लोगों के साथ देहरादून रोड स्थित एक होटल में बैठक की।
कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल ने कहा कि योजनाएं जनसुविधाओं के लिए बनती हैं ना कि असुविधा के लिए। उन्होंने अधिकारियों को फोर लेन के लिए बेहतर विकल्प तलाशने के निर्देश दिए। कहा कि ऐसा बेहतरीन बाईपास बनाएं जिससे स्थानीय लोगों को भी फायदा मिले और जाम से छुटकारा मिल सके।
इस दौरान कैबिनेट मंत्री ने ढालवाला से बाहरी क्षेत्र का निरीक्षण भी किया और यहां से फोरलेन संभव होने पर अधिकारियों को सर्वे करने के लिए निर्देश दिए। बैठक में अधीक्षण अभियंता रणजीत सिंह, निवर्तमान पालिकाध्यक्ष रोशन रतूड़ी, निवर्तमान मंडी अध्यक्ष विनोद कुकरेती, राजेंद्र थलवाल, हिकमत नेगी, विनोद सकलानी, दिनेश व्यास, जितेंद्र चौहान, सुधीर नौटियाल, अक्षत भट्ट आदि मौजूद थे।