उत्तराखंडयात्रा-पर्यटन

मसूरी विंटरलाइन कार्निवाल 2023 का आगाज

मंत्री सुबोध उनियाल, गणेश जोशी और डीएम सोनिका ने किया शुभारंभ

Mussoorie Winterline Carnival 2023 : मसूरी। पहाड़ो की रानी मसूरी में चार दिवसीय विन्टरलाइन कार्निवाल-2023 का विधिवत आगाज हो गया। कार्निवाल में पहले दिन बर्ड वॉक, हरिटेज वॉक, शोभायात्रा, छोलिया डांस, जौनसारी लोक कला, स्टार गेजिंग के अलावा पदमश्री बंसती बिष्ट और गायिका रेशमा शाह के कार्यक्रम आयोजित किए गए।

बृहस्पतिवार को कार्निवाल का शुभारंभ प्रभारी एवं कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल, गणेश जोशी और जिलाधिकारी सोनिका ने किया। कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल ने कहा कि मसूरी देश के सबसे सुंदर हिल स्टेशन में से एक है। मसूरी आने वाले पर्यटक ही यहां के एंबेसडर हैं। वह मसूरी कार्निवाल और उत्तराखंड की सुन्दरता व संस्कृति को देश दुनिया तक पहुंचाने का कार्य करेंगे। जिसका लाभ मसूरी और उत्तराखंड को मिलेगा।

मंत्री सुबोध उनियाल ने कहा कि राज्य बनने के बाद पर्वतीय गीत-संगीत, संस्कृति, व्यंजन का प्रसार हुआ है। आज पहाड़ी व्यंजनों की पौष्टिकता की देश-दुनिया में मांग है। सैलानियों को मिलिट्स से बने व्यंजन परोसने से इसका उत्पादन और बाजार की संभावनाएं बढ़ेंगी।

स्थानीय विधायक व मंत्री गणेश जोशी ने कहा कि किसी भी समाज की पहचान उसकी सांस्कृतिक विरासत से होती है। विन्टरलाइन कार्निवाल से राज्य की संस्कृति प्रदर्शित होती है। सैलानी इसका आनन्द लेते हैं। मसूरी कार्निवाल संस्कृति के आदान-प्रदान का बड़ा माध्यम है।

जिलाधिकारी सोनिका ने कहा कि इस वर्ष कार्निवाल 27 से 30 दिसंबर तक आयोजित किया जा रहा है। साथ ही फूड फेस्टिवल भी आयोजित किया जा रहा है। सभी की रूचि को ध्यान में रखते हुए कार्यकम रखें गए हैं। ताकि पर्यटकों के साथ स्थानीय लोग भी कार्निवाल का लुप्त उठा सकें।

कार्निवाल के पहले दिन कैमल बैक रोड पर बर्ड वॉक (जबरखेत रिर्जव) में सैलानियों ने प्रतिभाग किया। लैंडोर बाजार में हरिटेज वॉक कार्यक्रम के साथ ही सर्वे ग्राउंड से लाईब्रेरी चौक तक शोभायात्रा निकाली गई। जिसमें लोक कलाकारों, स्थानीय लोगों और सैलानियों ने प्रतिभाग किया। लाइब्रेरी चौक पर आईटीबीपी व सीआरपीएफ बैंड की प्रस्तुति ने लोगों का मन मोहा। वहीं पिथौरागढ़ के ग्रृप ने छोलिया डांस की प्रस्तुति दी। जनजाति लोक कला समिति चकराता ने जौनसारी लोक कला पेश की। इसके अलावा गढवाल टैरेस में स्टार गेजिंग, नगर पालिका टाउन हाल में पदमश्री बंसती बिष्ट और गायिका रेशमा शाह की सांस्कृतिक संध्या आयोजित की गई।

इस अवसर पर पूर्व विधायक जोत सिंह गुनसोला, पूर्व पालिका अध्यक्ष मनमोहन सिंह मल्ल, राकेश रावत, मोहन पेटवाल, एसडीएम दीपक सैनी आदि मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button