होली से पहले LPG में लगा महंगाई का तड़का

LPG Rate Hike : होली से पहले ही आज एक मार्च को घरेलू गैस और कमर्शियल गैस सिलेंडर की कीमतों में महंगाई का तड़का लगा है। तेल कंपनियों ने घरेलू गैस में 50 रुपये तो कमर्शियल गैस सिलेंडर में 350 रुपये कर इजाफा किया है। अब राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में एलपीजी सिलेंडर के दाम 1103 रुपये हो गए हैं। जबकि 19 किलो के कमर्शियल सिलिंडर का मूल्य 2119.50 रुपये हो गया है। देहरादून में एलपीजी के 14.2 केजी वाले सिलेंडर की कीमत अब 1122 रुपये तो 19 केजी के सिलेंडर का दाम 2122 रुपये हो गया है।
इंडियन ऑयल समेत सभी तेल कंपनियों ने घरेलू रसोई गैस ग्राहकों को होली से पहले महंगाई का तगड़ा झटका दिया है। इससे पहले 1 जनवरी 2023 को कामर्शियल गैस सिलेंडर के दाम बढ़ाए गए थे। आईओसी औऱ अन्य तेल कंपनी हर माह पहली तारीख को पेट्रोल-डीजल और एलपीजी गैस की कीमतों का अंतरराष्ट्रीय बाजार के हिसाब से समीक्षा करती हैं। कामर्शियल गैस सिलेंडर के दाम पिछली बार 25 रुपये बढ़े थे, लेकिन इस बार 300 रुपये की बड़ी बढ़ोतरी होने से होली के दौरान मिठाई और अन्य पकवान भी महंगे हो जाएंगे। इससे होटल रेस्तरां में खाना भी महंगा हो सकता है।
एएनआई के अनुसार एलपीजी की कीमतों में वृद्धि के बाद दिल्ली में घरेलू सिलेंडर की नई की कीमत 1103, मुंबई में 1102.5, कोलकाता में 1129 और चेन्नई में 1118.5 हो गई है। वहीं, कमर्शियल सिलेंडर अब दिल्ली में 2119.5, मुंबई में 2071.5, कोलकाता में 2221.5 और चेन्नई में 2268 रुपये में मिलेगा।
घरेलू गैस की कीमत इससे पहले 6 जुलाई 2022 को 50 रुपये बढ़े थे। जुलाई से पहले घरेलू रसोई गैस सिलेंडर की कीमत मार्च 2022 में बढ़ी थी। तब 50 रुपये का इजाफा सिलेंडर की कीमत में किया गया था। मई 2022 में दोबारा से कीमतों में 50 रुपये की बढ़ोतरी की गई थी। मई में फिर से रेट में 3.50 रुपये की मामूली बढ़ोतरी की गई थी। जुलाई 2022 में दाम में 50 रुपये दाम बढ़ाए गए थे।