सरेआम फायरिंग की दो घटनाओं में एक की मौत
![](https://shikharhimalaya.com/wp-content/uploads/2021/10/firing.jpg)
देहरादून। प्रदेश की राजधानी में सरेआम फायरिंग की घटनाओं से लोग सहमे हुए हैं। दो अलग-अलग घटनाओं में एक युवक की मौत की खबर है। एक घटना में सीसीटीवी फुटेज के आधार पर एक आरोपी को पुलिस ने पकड़ लिया है। उससे पूछताछ की जा रही है।
पुलिस के मुताबिक मसूरी रोड पर शुक्रवार रात एक युवक ने एक कॉम्प्लेक्स के संचालक पर फायर झोंक दिया। गोली युवक के पेट में लगी है, जिसे गंभीर हालत में मसूरी रोड स्थित एक अस्पताल में भर्ती कराया गया। राजपुर थानाध्यक्ष मोहन सिंह ने बताया कि घायल की पहचान पुनीत खरोला (23 साल) निवासी बकराल गांव रूप में हुई।
बताया कि पुनीत मसूरी रोड स्थित डग स्टोर कॉम्प्लेक्स के मालिक हैं। शुक्रवार रात वह कॉन्प्लेक्स में आए थे। बताया जा रहा है कि वहां उनका किसी से विवाद हुआ, जिस पर युवक ने गोली चला दी। अस्पताल में पुनीत का उपचार चल रहा है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के जरिए आरोपी की तलाश मे जुट गई। शनिवार को इस मामले में एक आरोपी को पुलिस ने पकड़ लिया।
प्रेमनगर में एक अन्य घटना के बारे थानाध्यक्ष कुलदीप पंत के अनुसार राहुल (23 वर्ष) पुत्र माधव निवासी निकट पोस्ट ऑफिस प्रेमनगर शुक्रवार रात घर के पास पार्क में बैठा था। तभी बाइक पर सवार बदमाशों ने उसे तीन गोलियां मार दी। घायल को गंभीर हालत में दून अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां शनिवार सुबह उसकी मौत हो गई।
एसपी सिटी सरिता डोभाल ने इसकी पुष्टि करते हुए बताया कि युवक पर हमला करने वालों का पता लग गया है। बताया कि आपसी रंजिश में गोली चलाई गई है। पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है। इसके लिए प्रेमनगर थाना क्षेत्र में चेकिंग अभियान चलाया गया है।