Gaj Utsav 2023 : देहरादून। प्रोजेक्ट ऐलीफैंट के 30 वर्ष पूरे होने आसाम के काजीरंगा में दो दिवसीय ‘गज उत्सव’ आयोजित किया जाएगा। उत्सव का शुभारंभ महामहिम राष्ट्रपति द्रोपदी मुर्मू करेंगी। इसमें उत्तराखंड से कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल भी शिरकत करेंगे। गज उत्सव का उद्देश्य हाथियों के संरक्षण और प्रवास को लेकर जागरूकता और प्रचार-प्रसार करना है।
यह जानकारी देते हुए कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल ने बताया कि राष्ट्रीय स्तर पर असम के काजीरंगा नेशनल पार्क में 7 व 8 अप्रैल को केंद्रीय पर्यावरण वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्रालय और आसाम राज्य के वन विभाग द्वारा ‘गज उत्सव 2023‘ आयोजित किया जा रहा है। जिसका उद्देश्य वर्ष 1902 में शुरू हुई हाथियों के संरक्षण और उनके प्रवास से संबंधित प्रोजेक्ट ऐलीफैंट को लेकर व्यापक जागरूकता व प्रचार-प्रसार करना है।
उन्होंने बताया कि उत्तराखड देश के उन राज्यों में शामिल है, जहां हाथी संरक्षण, मानव-वन्य जीव संघर्ष रोकने और बंदी हाथियों के हित में केंद्र पोषित प्रोजेक्ट ऐलीफैट संचालित किया जा रहा है। बताया कि इस दौरान केन्द्रीय वन, पर्यावरण एवं जलवायू परिवर्तन मंत्रालय और हाथी संरक्षण योजना से जुड़े राज्यों के वनमंत्री व मुख्य वन्यजीव प्रतिपालक, स्थानीय समुदाय, सिविल सोसायटी, एनजीओ और स्कूली छात्रों को एक मंच पर लाया जाएगा। जिसमें सरकार और सभी हितधारकों द्वारा इसके लिए किए जा रहे प्रयासों के प्रदर्शन व जानकारी को साझा किया जाना प्रस्तावित है।
कैबिनेट मंत्री ने बताया कि गज उत्सव का महामहिम राष्ट्रपति द्रोपदी मुर्मू काजीरंगा राष्ट्रीय उद्यान में सात अप्रैल को शुभारंभ करेंगे। कहा कि यह कार्यक्रम उत्तराखंड में हाथी संरक्षण से जुड़े प्रोजेक्ट ऐलीफैंट के प्रति सकारात्मक प्रयासों को रेखांकित करने का सफल मंच होगा। मुख्य वन्यजीव प्रतिपालक समीर सिन्हा भी इसमें प्रतिभाग करेंगे।