जीएमवीएन कर्मचारी संघ ने इस मामले में जताया ऐतराज

देहरादून। जीएमवीएन कर्मचारी संघ ने प्रबंधन से निगम की परिसंपत्ति किसी फर्म को देने की शर्तों का खुलासा करने की मांग की है।
अध्यक्ष मनमोहन चौधरी ने जारी बयान में कहा कि राजधानी देहरादून में राजपुर रोड पर 65 डी क्रमांक की निगम की बेशकीमती परिसंपत्ति है। इस भवन में अभी तक निगम का ईपीएफ और खनन अनुभाग संचालित हो रहे हैं। उन्हें खबर मिली है कि उक्त परिसंपत्ति को सरकार निजी हाथों में सौंपने जा रही है।
उन्होंने जानना चाहा है कि उक्त परिसंपत्ति अगर लीज पर दी जा रही है तो बताया जाए कि इससे निगम को आर्थिक प्रतिफल क्या मिलेगा या अनुबंध पर दिया जा रहा है तो उसकी शर्तें सार्वजनिक की जाएं। चौधरी ने कहा कि इस मामले को लेकर कर्मचारी संघ का प्रतिनिधिमंडल शीघ्र प्रबंध निदेशक से वार्ता करेगा।
उन्होंने कहा कि यदि निगम की उक्त परिसंपत्ति को खुर्द बुर्द किया जाता है, तो कर्मचारी संघ आंदोलन के लिए बाध्य होगा। कहा कि निगम अपने कार्मिकों के वेतन भत्तों का खर्च खुद वहन करता है और ये परिसंपत्तियां उसके लिए बेहद महत्वपूर्ण हैं। इसलिए कर्मचारी संघ चिंतित है और कर्मचारियों की चिंता का समाधान निगम हित में भी किया जाना चाहिए।