देहरादून

Dehradun: पुलिस स्मृति दिवस पर मुख्यमंत्री ने की कई घोषणाएं

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मंगलवार को पुलिस लाइन्स में आयोजित पुलिस स्मृति दिवस कार्यक्रम में प्रतिभाग किया। इस अवसर पर उन्होंने पुलिस एवं अर्द्धसैनिक बलों के शहीदों को पुष्पचक्र अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। साथ ही उनके परिजनों को सम्मानित किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि देश की आंतरिक सुरक्षा और कानून-व्यवस्था की जिम्मेदारी पुलिस बलों पर है। बीते एक वर्ष में देशभर के 186 पुलिस व अर्द्धसैनिक बलों ने सर्वोच्च बलिदान दिया, जिनमें उत्तराखंड पुलिस के 4 वीर सपूत भी शामिल हैं। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार पुलिस बल को और अधिक सक्षम एवं संसाधनयुक्त बनाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है।

राज्य स्थापना के 25वें वर्ष में मुख्यमंत्री ने कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं। कहा कि सभी पुलिसकर्मियों को विशेष रजत जयंती पदक प्रदान किया जाएगा। अगले तीन वर्षों में पुलिसकर्मियों के आवास निर्माण के लिए प्रतिवर्ष ₹100 करोड़ की धनराशि दी जाएगी। पुलिस कल्याण निधि को बढ़ाकर ₹4.5 करोड़ किया गया है। एसडीआरएफ के लिए 5 नई बैरकें बनाई जाएंगी।

उन्होंने बताया कि राज्य में महिला हेल्प डेस्क के अंतर्गत क्यूआरटी टीमों का गठन किया गया है। पिछले तीन वर्षों में पुलिस भवनों के निर्माण पर ₹500 करोड़ व्यय किए गए हैं। 688 आवासीय भवन निर्माणाधीन हैं और 120 नए आवासों का निर्माण प्रारंभ होने जा रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि पुलिसकर्मियों के वेतन, भत्ते, चिकित्सा प्रतिपूर्ति और अवकाश से संबंधित सभी प्रक्रियाएं ऑनलाइन कर दी गई हैं।

मुख्यमंत्री ने बताया कि पुलिस विभाग में पदोन्नति प्रक्रिया को समयबद्ध किया गया है, जबकि 215 कर्मियों को विशिष्ट कार्यों के लिए सम्मानित किया गया है। उन्होंने कहा कि साइबर अपराध और नशे के विरुद्ध राज्य पुलिस ने सराहनीय कार्य किया है। त्रिस्तरीय एंटी नारकोटिक फोर्स ने तीन वर्षों में 6199 नशे के सौदागरों पर कार्रवाई की और 275 करोड़ रुपये के पदार्थ बरामद किए हैं।

कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज, राज्यसभा सांसद नरेश बंसल, विधायक खजान दास, मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन और डीजीपी दीपम सेठ सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!