उत्तराखंड

उत्तराखंडः सीएम ने पूर्व सैनिकों के लिए किया फ्री यात्रा का ऐलान

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने विजय दिवस पर शहीद सैनिकों को दी श्रद्धांजलि

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने विजय दिवस पर वीरता चक्र शृंखला में सम्मानित सैनिकों और वीर नारियों को रोडवेज बसों में निःशुल्क यात्रा का ऐलान किया। साथ ही प्रदेश में शहीद द्वार और स्मारकों का निर्माण सैनिक कल्याण विभाग से कराने की घोषणा भी की।

शुक्रवार को गांधी पार्क स्थित शहीद स्मारक पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने विजय दिवस के अवसर पर पुष्पचक्र अर्पित कर शहीद सैनिकों को श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान भूतपूर्व सैनिकों और वीरांगनाओं को शॉल व स्मृति चिह्न देकर सम्मानित भी किया गया। उन्होंने विजय दिवस को भारतीय सेना के वीर जवानों के अदम्य साहस, शौर्य और पराक्रम का दिन बताया। कहा कि आज ही के दिन 1971 में पाकिस्तान के 93,000 से अधिक सैनिकों ने हमारे वीर बहादुर सैनिकों के समक्ष घुटने टेक दिए थे। जो कि द्वितीय विश्व युद्ध के बाद किसी भी सेना का यह सबसे बड़ा आत्मसमर्पण था।

उन्होंने कहा कि 1971 के भारत-पाक युद्ध में वीरभूमि उत्तराखंड के 255 जवानों ने भारत मां की रक्षा के लिए अपने प्राणों का उत्सर्ग किया था। प्रदेश के 74 सैनिकों को विभिन्न वीरता पदकों से सम्मानित किया गया। उनके बलिदान की गाथाएं आज भी हमारे युवाओं को प्रेरणा देने का काम करती हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सेना को हरसंभव सुविधा दी जा रही है। आज सैनिक अत्याधुनिक हथियारों से लैस हैं, उनकी सहायता और सुरक्षा के लिए विश्वस्तरीय उपकरण उपलब्ध करवाए जा रहे हैं। कहा कि एक सैन्य परिवार में पैदा होने के कारण मैंने सैन्य परिवारों का संघर्ष और दुख दर्द को नजदीक से देखा है। राज्य सरकार सैन्य परिवारों के लिए विशेष योजनाएं बना रही है। सरकार ने सैनिकों या उनके आश्रितों की अनुदान राशि बढ़ाने के साथ राज्य सरकार के अधीन नौकरियों में वरीयता देने का निर्णय लिया है।

इस अवसर पर सैनिक कल्याण मंत्री गणेश जोशी ने कहा कि सेना के जवान हर स्थिति में देश की रक्षा हेतु मोर्चा संभाले बैठे हैं। कहा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में राज्य सरकार सैनिकों के कल्याण के लिए दिनरात कार्यरत है। बताया कि राज्य सरकार ने सैन्य धाम के मुख्यद्वार का नाम देश के प्रथम सीडीएस जनरल बिपिन रावत के नाम पर रखने का फैसला लिया है।

इस दौरान कैबिनेट मंत्री प्रेमचंद्र अग्रवाल, मेयर सुनील उनियाल गामा, विधायक खजान दास, विधायक सविता कपूर, निदेशक सैनिक कल्याण (ब्रिगे.से.नि) अमृतलाल, पूर्व सैन्य अधिकारी एवं वीरांगनाएं मौजूद थे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!