बजरंग सेतु के निरीक्षण को पहुंचे मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन

ऋषिकेश। उत्तराखंड के मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने गुरुवार को तपोवन स्थित बजरंग सेतु का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने परियोजना की प्रगति और सुरक्षा मानकों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान लोक निर्माण विभाग के मुख्य अभियंता ओम प्रकाश ने सेतु की इंजीनियरिंग संरचना, तकनीकी विशेषताओं और निर्माण संबंधी पहलुओं की जानकारी दी। इसके बाद मुख्य सचिव ने प्लास्डा स्थित हिलांस हिमालयन भोजनालय का भी दौरा किया। भोजनालय संचालक बीना पुंडीर ने उन्हें प्रतिदिन आने वाले ग्राहकों की संख्या और दैनिक बिक्री से संबंधित जानकारी दी।
मुख्य सचिव ने भोजनालय परिसर के आसपास अधिक से अधिक पौधरोपण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही पर्यटकों और आगंतुकों की सुविधा के लिए भोजनालय के मेन्यू को स्पष्ट व सुव्यवस्थित ढंग से प्रदर्शित करने पर जोर दिया।
उन्होंने कहा कि पर्यटन और स्थानीय आजीविका को बढ़ावा देने वाले ऐसे प्रयासों को सरकार और अधिक सशक्त बनाएगी, जिससे क्षेत्र के आर्थिक एवं सामाजिक विकास को नई गति मिल सके।
मौके पर सचिव लोनिवि डॉ. पंकज कुमार पांडेय, डीएम टिहरी नितिका खण्डेलवाल, एसएसपी श्वेता चौबे, नगर पंचायत तपोवन अध्यक्ष विनीता बिष्ट, एसडीएम नरेंद्रनगर आशीष घिल्डियाल, डीडीओ मो. असलम, ईओ अंजलि, बीडीओ श्रुति वत्स आदि मौजूद थे।



