श्रीनगर गढ़वाल। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने राजनीतिक रैली के दौरान श्रीनगर को नगर निगम का दर्जा देने का ऐलान कर चुनाव की रणभेरी बजा दी है। सीएम ने जन आशीर्वाद रैली में जनपद पौड़ी के अन्य क्षेत्रों के लिए भी कई घोषणाएं की।
सीएम धामी शुक्रवार को श्रीनगर में भाजपा की जन आशीर्वाद रैली में पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार पहुंचे। रैली से पूर्व कार्यकर्ताओं ने स्वीत से रामलीला मैदान तक बाइक रैली निकाली। मंच पर सीएम का जोरदार स्वागत किया गया।
धामी ने उत्तराखंड में भारतीय जनता पार्टी सरकार के साढ़े चार साल के कार्यकाल की उपलब्धियों को जनता के सामने रखा। साथ ही इसके आधार पर जनता से 2022 के लिए आशीर्वाद भी मांगा। कहा कि सरकार हर वह निर्णय ले रही है, जो प्रदेशवासियों के हित में हैं।
इसके बाद सीएम धामी ने श्रीनगर नगरपालिका को जल्द ही नगर निगम का दर्जा देने का ऐलान किया। कहा कि नगर निगम बनने से इस क्षेत्र का सीमा विस्तार भी होगा। साथ ही आसपास के क्षेत्र को भी सुविधाओं का लाभ मिलेगा। उन्होंने शहर में 100 एलपीएम के दो ऑक्सीजन प्लांट की स्थापना और बस अड्डे के पास पार्किंग बनाने की बात भी कही।
सीएम धामी ने जनपद पौड़ी के अन्य इलाकों के लिए भी कई सौगातों की घोषणाएं की। उन्होंने खिर्सू पर्यटन सर्किट में कमलेश्वर, धारी देवी, देवलगढ़, कंडोलिया और क्यूंकालेश्वर मंदिरों को शामिल करने पर भी अपनी सहमति जताई। इसके बाद सीएम धामी ने कमलेश्वर मंदिर पहुंच कर पूजा अर्चना और दर्शन भी किए।
रैली को कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज, हरक सिंह रावत, डॉ. धन सिंह रावत, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक आदि ने भी संबोधित किया। मौके पर विधायक मुकेश कोली, विनोद कंडारी, दिलीप सिंह रावत भी मौजूद रहे।