![](https://shikharhimalaya.com/wp-content/uploads/2023/03/Bageshwar-incident.jpg)
Heart Breaking Incident : बागेश्वर। जनपद के मंडलसेरा अंतर्गत जोशीगांव से एक हृदय विदारक घटना सामने आई है। गांव के घर में एक महिला और तीन बच्चों के सड़ी गली अवस्था में शव मिले हैं। घटना होली के आसपास के दिनों की मानी जा रही है। बताया जा रहा है कि मृतकों में एक छह साल का बच्चा भी है। पुलिस प्रशासन घटना की जांच में जुट गई है।
गुरुवार की शाम गांव के कुछ लोग घटना वाले मकान के पास से गुजरे तो उन्हें बदबू महसूस हुई। ग्रामीण मौके पर पहुंचे तो घर के दरवाजे भीतर से बंद थे। लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने मौके पर पहुंच कर दरवाजा तोड़ा, अंदर का नजरा देखा तो सब अवाक रह गए। अंदर एक महिला और तीन बच्चों के सड़ी गली अवस्था में शव बरामद हुए।
मृतकों की पहचान किरायेदार भूपाल राम की पत्नी नीमा देवी (40), पुत्री अंजलि (14), पुत्र कृष्णा (08) और भाष्कर (06) के रुप में हुई। बताया जा रहा है कि महिला का पति भूपाल राम 10 मार्च से गायब है। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस उपाधीक्षक अंकित कंडारी ने बताया कि घटना होली के आसपास की हो सकती है। मौत के असल कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही हो सकेगा।
वहीं, बताया जा रहा है गांव के अन्य मकानों से हटकर यह घर जोशीगांव निवासी गोविंद सिंह बिष्ट का है। दो साल पहले मकान के भूस्खलन की चपेट में आने बाद उन्होंने इसे छोड़ दिया था। इसके बाद इस मकान में भूपाल राम परिवार समेत किराए पर रह रहा था। अन्य मकानों से दूरी होने के चलते इस तरफ लोगों की आवाजाही कम ही थी।