![](https://shikharhimalaya.com/wp-content/uploads/2021/10/aap-dun-03-oct-2021.jpg)
देहरादून। आम आदमी पार्टी नेता कर्नल अजय कोठियाल ने कहा कि 27 साल बाद भी रामपुर तिराहा कांड मामले में राज्य आंदोलनकारियों न्याय नहीं मिला हैं। कांग्रेस और भाजपा ने आज तक इस प्रकरण में ढंग से पैरवी तक नहीं की है। कहा कि आप सत्ता में आई तो राज्य आंदोलनकारियों को न्याय दिलाया जाएगा।
प्रेस को जारी बयान में कर्नल कोठियाल ने कहा कि जिन शहीदों की शहादत की बदौलत हमें राज्य मिला उनके गुनाहगार आज भी सजा से बाहर है। कांग्रेस और बीजेपी दोनों सत्ता में रहने के बावजूद आंदोलनकारियों और शहीदों के परिजनों को न्याय दिलाने में नाकाम रहे हैं।
उत्तराखंड राज्य आंदोलनकारियों की मांगों का समर्थन करते हुए कहा कि उनके सपनों को भाजपा कांग्रेस ने कभी पूरा नहीं किया। प्रदेश आज भी विकास से कोसों दूर है। आंदोलनकारी आज तक चिह्नित नहीं हुए। यह अब तक सरकारों की नाकामी ही है।
उन्होंने कहा कि शहीदों को एकदिन याद करने से उनकी आत्मा को शांति नहीं मिलेगी। उनके दोषी आज भी जेल की सलाखों के पीछे नहीं पहुंचे हैं। जिससे आंदोलनकारी और शहीदों के परिजन व्यथित है।
कर्नल ने कहा कि फिर से एक और आंदोलन को लडने की जरूरत है। यह शहीद आंदोलनकारियों के सपनों को सच करने के लिए लडा जाएगा। आप पार्टी का आश्वासन है कि आंदोलनकारी और शहीदों के सपनों का उत्तराखंड बनाकर रहेगी।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस और बीजेपी दोनों ने आंदोलनकारियों के साथ भेदभाव किया है। मांगें मानने की बजाए उन्हें सिर्फ आश्वासन दिया गया। कहा कि एक समान पेशन, चिह्निकरण, रामपुर तिराहा कांड के दोषियों को सजा जैसी मांगों को आप की सरकार बनते ही पूरा किया जाएगा।