दिव्यांगों के लिए 25 अप्रैल को चिकित्सा शिविर

पौड़ी। दिव्यांगजनों के लिए 25 अप्रैल को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र यमकेश्वर में विशेष चिकित्सा शिविर आयोजित किया जाएगा। शिविर में दिव्यांग प्रमाण पत्र भी जारी किए जाएंगे।
मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. शिव मोहन शुक्ला ने बताया कि शिविर में विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम तैनात रहेगी। इसमें अस्थि रोग विशेषज्ञ, नेत्र रोग विशेषज्ञ, ईएनटी विशेषज्ञ और फिजिशियन शामिल होंगे। उन्होंने कहा कि इस पहल का उद्देश्य दिव्यांगजनों को एक ही स्थान पर समयबद्ध और सुगम तरीके से प्रमाण पत्र उपलब्ध कराना है।
सीएमओ ने संबंधित अधिकारियों को शिविर के सफल आयोजन के लिए सभी आवश्यक तैयारियां समय से पूर्ण करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही, शिविर स्थल पर विभागीय स्टॉल भी लगाए जाएंगे, जहां लोगों को विभिन्न स्वास्थ्य योजनाओं की जानकारी प्रदान की जाएगी।



