![](https://shikharhimalaya.com/wp-content/uploads/2021/09/accident-in-vikasnagar-rout.png)
विकासनगर। उत्तराखंड में सड़क हादसे रुकने का नाम नहीं ले रहे। हर रोज राज्य के किसी न किसी हिस्से से दुघर्टनाओं की खबरें सामने आ रही हैं। मंगलवार को कालसी-चकराता मोटर मार्ग पर पहाड़ी से अचानक बोल्डर गिरने पर एक बोलेरो वाहन अनियंत्रित होकर सड़क पर ही पलट गया। हादसे में आठ लोगों के घायल होने की सूचना है। सीएचसी साहिया में भर्ती घायलों का उपचार चल रहा है।
मंगलवार को एक बोलेरो वाहन चकराता से विकासनगर आ रहा था। अचानक ही लाल पुल के समीप पहाड़ी से एक बोल्डर बोलेरो के ऊपर गिरा। जिससे अनियंत्रित होकर बोलेरो सड़क पर पलट गई। सूचना पर आसपास के लोगों के सहयोग से लेखपाल ने वाहन के अंदर फंसी सवारियों को बाहर निकाला। साथ ही उन्हें निजी वाहनों से सीएचसी साहिया में भर्ती कराया।
बताया गया कि घायल आठ लोगों में दो की हालत गंभीर है। उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर रेफर कर दिया गया है।