मुख्यमंत्री ने दी 55.75 करोड़ रुपये की स्वीकृति
राहत पैकेज से महिला स्वयं सहायता समूहों को मिलेगा लाभ
शिखर हिमालय डेस्क
देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने महिला स्वयं सहायता समूहों के लिए 55.75 करोड़ रुपये की वित्तीय स्वीकृत दी है। कहा कि राज्य की अर्थव्यवस्था की मजबूती में महिला समूहों का बड़ा योगदान है। उनके सशक्तिकरण के लिए राज्य सरकार हरसंभव कोशिशों में जुटी है।
सीएम पुष्कर सिंह धामी ने महिला स्वयं सहायता समूहों की सहायता के लिए 55.75 करोड़ का बजट जारी कर दिया है। कहा कि महिला समूहों से पहाड़ की लाखों महिलाएं जुड़ी हुई हैं। राज्य सरकार हर हाल में महिला स्वयं सहायता समूहों को प्रोत्साहित करती रहेगी। कहा कि कोरोना से उनके कार्यों पर बुरा असर पड़ा है। उन्हें सशक्त किया जाना जरूरी है।
आयुक्त ग्राम्य विकास आनंद स्वरूप ने अवगत कराया कि मुख्यमंत्री द्वारा घोषित राहत पैकेज से 42,989 महिला स्वयं सहायता समूहों को छह माह के लिए दो-दो हजार रुपये की दर से सहायता राशि दिया जाना, 30365 महिला स्वयं सहायता समूहों को पिछले वित्तीय वर्ष में लिए गए बैंक ऋण के ब्याज की प्रतिपूर्ति करना और 159 क्लस्टर लेवल फेडरेशन (सीएलएफ) को एकमुश्त 5 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देना शामिल है। इसके लिए कुल 84 करोड़ का बजट चाहिए जिसमें से मुख्यमंत्री ने फिलहाल 55.75 करोड़ की वित्तीय स्वीकृति प्रदान की है।
बताया कि असंगठित ग्रामीण महिलाओं को संगठित करने और उन्हें स्वावलंबी बनाने के उद्देश्य से राज्य में ‘मुख्यमंत्री महिला स्वयं सहायता समूह सशक्तिकरण योजना’ संचालित की जा रही है। सरकार महिलाओं को समूह में छोटी-छोटी बचत करने और अपनी छोटी-मोटी जरूरतों की पूर्ति के लिए समूह में ही न्यूनतम दर पर लेन-देन हेतु सक्षम बनाने में सहयोग प्रदान कर रही है। लेकिन पिछले दो सालों से कोरोना महामारी का प्रभाव इन समूहों की व्यवसायिक गतिविधियों पर भी पड़ा है।
बताया कि हाल में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने महिला स्वयं सहायता समूहों और राज्य सरकार की स्वरोजगार योजनाओं से जुड़े लाभार्थियों को 118 करोड़ 35 लाख रुपये की राशि का राहत पैकेज घोषित किया था।