ऋषिकेश

अतिवृष्टि प्रभावितों की मदद को आगे आया निरंकारी मिशन

मुनिकीरेती/ ऋषिकेश। खारास्रोत में अतिवृष्टि से प्रभावित परिवारों की सहायता के लिए संत निरंकारी मिशन आगे आया है। मिशन ने चार अस्थायी ठिकानों पर करीब 300 लोगों को हररोज दोपहर का खाना उपलब्ध कराने की जिम्मेदारी ली है। नगरपालिका प्रशासन ने मिशन से जुड़े लोगों की हौसला अफजाई की है।


शनिवार को मुनिकीरेती स्थित बारात घर, पूर्णानंद डिग्री कॉलेज, कबीर चौरा आश्रम और पीडब्ल्यूडी गेस्ट हाउस में शरण लिए आपदा प्रभावित परिवारों से संत निरंकारी मिशन के सदस्य मिलने पहुंचे। उन्होंने पालिकाध्यक्ष रोशन रतूड़ी और ईओ तनवीर सिंह मारवाह के साथ प्रभावित को दोपहर का भोजन बांटा। मिशन के जोनल इंचार्ज हरभजन सिंह ने कहा कि संस्था समाजसेवा के कार्य रक्तदान शिविर सफाई अभियान पौधारोपण आदि लगातार कर रहा है। उन्होंने बताया प्रभावितों के घर पहुंचने तक उन्हें एक वक्त का खाना मिशन के माध्यम से उपलब्ध कराया जाएगा।


ब्रांच संयोजक हरीश बांगा ने कहा कि देशभर में मिशन से जुड़े लोग सेवा कार्यों में लगे हैं। खासकर आपदा में सदस्य राहत-बचाव से लेकर प्रभावितों को आवश्यक सहायता देने के लिए भी आगे रहते हैं। उन्होंने कहा उन्होंने बताया की सभासद बबीता रमोला व समाजसेवी अजय रमोला की पहल पर मिशन ने यह सेवा कार्य शुरू किया है।


पालिकाध्यक्ष रोशन रतूड़ी ने इस जनसेवा पर मिशन के सदस्यों को आभार जताया। ईओ तनवीर सिंह ने बताया कि अभी तक नगरपालिका प्रशासन ही प्रभावित परिवारों के खाने का इंतजाम कर रहा था। अब एक टाइम को भोजन मिशन से मिलने पर मदद मिली है। अन्य सामाजिक, धार्मिक व अन्य संस्थाओं को भी मदद के लिए आगे आना चाहिए।


मौके पर मिशन के क्षेत्रीय संचालक दिलबर पंवार, जीएस चौहान, महादेव उनियाल, धर्मेंद्र पयाल, अनिल लिंगवाल, कृष्णानंद खंडूड़ी, पृथ्वी रमोला, रीता कुड़ियाल आदि मौजूद थे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button