Uttarakhand: सीएम ने केंद्रीय वित्त मंत्री से मांगी 1774 करोड़ की सहायता
देहरादून जनपद में इस राशि से होगा सौंग बांध पेयजल परियोजना का निर्माण

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण से मुलाकात के दौरान सौंग बांध परियोजना के लिए 1174 करोड़ रुपये की आर्थिक मदद मांगी। कहा कि इस परियोजना से देहरादून की पेयजल की समस्या दूर होगी।
मंगलवार को मुख्यमंत्री धामी ने नई दिल्ली में केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण से मुलाकात की। उन्होंने केंद्रीय वित्त मंत्री से सौंग बांध पेयजल परियोजना के लिए पूंजीगत व्यय वित्त पोषण भारत सरकार के विशेष सहायता से कराने का अनुरोध किया। कहा कि देहरादून नगर और इसके उपनगरीय क्षेत्रों में पेयजल व्यवस्था नलकूप से की जा रही है। जिसके कारण भूजल स्तर में लगातार गिरावट हो रही है। कहा कि बढ़ती आबादी के मद्देनजर वर्तमान आपूर्ति व्यवस्था भविष्य की मांग को पूरा नहीं कर सकेगी। जिसके लिए यह परियोजना प्रस्तावित है। परियोजना की कुल लागत 2021 करोड़ रुपये है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि परियोजना के निर्माण से 150 एमएलडी पेयजल गुरुत्व से लगभग 10 लाख की आबादी को पेयजल उपलब्ध होगा। साथ ही नलकूपों पर निर्भरता लगभग समाप्त हो जाएगी। वहीं भूजल स्तर में बढोत्तरी से ग्रीन हाउस गैसों के उत्सर्जन में कमी आएगी।
सीएम ने कहा कि झील के निर्माण होने पर इस क्षेत्र में पर्यटन को भी बढावा मिलेगा और रोजगार के अवसर भी उपलब्ध होंगे। साथ ही देहरादून जनपद के 10 ग्रामों को हर साल सौंग नदी की बाढ़ से भी सुरक्षा मिलेगी। बताया कि परियोजना के लिए तकनीकी वनभूमि हस्तान्तरण स्टेज-1 और अन्य आवश्यक स्वीकृतियां विभागों व मंत्रालयों से मिल चुकी हैं। परियोजना में पुनर्वास व पुनर्व्यवस्थापन के लिए 247 करोड़ रुपये राज्य सरकार वहन करेगी।