Uttarakhand: महिलाओं की सुरक्षा के लिए बनाएं ठोस योजनाः सीएम
मुख्यमंत्री धामी ने महिला सुरक्षा और सशक्तिकरण पर अधिकारियों के साथ की बैठक

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अधिकारियों को महिला कामगारों की सुरक्षा के लिए विभागीय स्तर पर ठोस कार्ययोजना बनाने के निर्देश दिए। साथ ही महिला उत्पीड़न की घटनाओं की रोकथाम के लिए जिलास्तर पर गठित कमेटियां की नियमिति बैठक के लिए भी कहा।
शुक्रवार को सचिवालय में सीएम धामी ने महिलाओं की सुरक्षा और सशक्तीकरण को लेकर अधिकारियों की बैठक ली। कहा कि महिलाओं को रोजगार और स्वरोजगार से जोड़ने की दिशा में विभागों को मिलकर प्रयास करने चाहिए। कहा कि महिला सशक्तीकरण एवं महिला सुरक्षा की दिशा में ऐसे प्रयास हों, जिसका संदेश देशभर में जाए।
उन्होंने महिला कामगारों की सुरक्षा के लिए भी विभागीय स्तर पर ठोस योजना बनाने के निर्देश दिए। कहा कि पुलिस हेल्प डेस्क और हेल्पलाइन नंबर 112 को और मजबूत बनाया जाए। सुनिश्चित करें कि महिलाओं को नियमानुसार मातृत्व अवकाश की सुविधाएं मिले। संस्थानों में भी महिलाओं के लिए हेल्प डेस्क बनाया जाए। विभिन्न संस्थानों में कार्यरत महिलाओं के रजिस्ट्रेशन की व्यवस्था भी हो। इसके लिए पुलिस, श्रम एवं संबंधित विभागों द्वारा सिस्टम विकसित किया जाए।
सीएम ने महिला उत्पीड़न रोकने के लिए जनपद स्तर पर गठित कमेटी की नियमित बैठकें करने भी कहा। कार्यस्थल पर यौन उत्पीड़न की शिकायतों के प्रभावी निदान के लिए she Box (सेक्सुअल हैरसमेंट इलेक्ट्रॉनिक बॉक्स) की जानकारी सभी को देने के लिए कहा।
मुख्यमंत्री धामी ने बाल श्रम को रोकने के लिए और प्रभावी प्रयासों की जरूरत पर भी जोर दिया। बैठक में अपर मुख्य सचिव राधा रतूड़ी, डीजीपी अशोक कुमार, डीआईजी सेंथिल अबुदई कृष्णराज एस समेत विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।