यमकेश्वरः SDRF ने सिखाए आपदा प्रबंधन के गुर

यमकेश्वर (पौड़ी गढ़वाल)। बिथ्याणी स्थित गुरु गोरखनाथ राजकीय महाविद्यालय में आरएस टोलिया उत्तराखंड प्रशासनिक अकादमी, नैनीताल के तत्वावधान में एसडीआरएफ ढालवाला पोस्ट ने जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया। इस दौरान प्रतिभागियों को आपदा प्रबंधन का व्यवहारिक प्रशिक्षण दिया गया।
कार्यक्रम के दौरान आपदा की परिभाषा, उसके प्रकार, आपदा के समय के आवश्यक उपाय की जानकारी दी गई। एसडीआरएफ ने प्राथमिक चिकित्सा के तहत ब्लीडिंग कंट्रोल, खुले एवं बंद घावों का उपचार, एफबीएओ (विदेशी वस्तु से श्वास मार्ग अवरोध) और सीपीआर की तकनीकों का प्रशिक्षण दिया।
वहीं, प्रतिभागियों को हेड इंजरी और आंख में चोट लगने पर प्राथमिक उपचार, स्प्लिंटिंग (हड्डी स्थिरीकरण), कम्बल, रस्सी और टी-शर्ट जैसी सामग्री से इम्प्रोवाइज्ड स्ट्रेचर बनाने की विधि भी सिखाई गई। टीम ने रस्सी से रिवर क्रॉसिंग और क्षतिग्रस्त भवनों से सुरक्षित रेस्क्यू करने की तकनीकों का भी प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम में रोप रेस्क्यू, डीप डाइविंग और फ्लड रेस्क्यू से जुड़े आधुनिक उपकरणों की जानकारी भी दी गई। प्रशिक्षण का उद्देश्य प्रतिभागियों में आपदा के समय त्वरित और प्रभावी कार्रवाई करने का आत्मविश्वास विकसित करना था।
एसडीआरएफ टीम में एसआई पंकज सिंह खरोला, हेड कांस्टेबल ओमप्रकाश, कांस्टेबल मातबर, फायरमैन यशपाल और सुमित शामिल थे। कार्यक्रम में महाविद्यालय के प्राचार्य, प्राध्यापक, स्टाफ और छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।



