किताबी ज्ञान तक सीमित न रहें विद्यालयः योगी आदित्यनाथ
सीएम योगी और सीएम धामी ने किया इंटर कॉलेज के नए भवन का उद्घाटन

यमकेश्वर (पौड़ी गढ़वाल)। जनता इंटर कॉलेज के नवनिर्मित दो मंजिला भवन के उद्घाटन अवसर पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी यमकेश्वर पहुंचे। इससे पूर्व दोनों मुख्यमंत्रियों ने यमकेश्वर स्थित प्राचीन शिव मंदिर में दर्शन और पूजा-अर्चना कर प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना की।
मुख्यमंत्रियों के आगमन के दौरान कार्यक्रम स्थल पर जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया ने उनका स्वागत किया। इसके पश्चात दोनों मुख्यमंत्रियों ने इंटर कॉलेज यमकेश्वर के नवनिर्मित भवन का अवलोकन किया।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि भौतिक विकास जीवन का अंतिम उद्देश्य नहीं है, बल्कि यह तात्कालिक आवश्यकताओं की पूर्ति का साधन है। कहा कि विद्यालय केवल पुस्तकीय ज्ञान तक सीमित न रहें, बल्कि आध्यात्मिक, सांस्कृतिक और नैतिक मूल्यों को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का कार्य भी करें। गुरुकुल परंपरा का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि यह पद्धति व्यक्ति को सशक्त, संस्कारवान और आत्मनिर्भर बनाने का प्रभावी माध्यम थी।
मुख्यमंत्री योगी ने राष्ट्रीय शिक्षा नीति का उल्लेख करते हुए कहा कि इसमें अध्ययन के साथ-साथ व्यवहारिक ज्ञान पर विशेष बल दिया गया है। उन्होंने कहा कि जिस प्रकार भवन की गुणवत्ता सुनिश्चित की गई है, उसी प्रकार शिक्षण की गुणवत्ता भी उत्कृष्ट होनी चाहिए। शिक्षा में नवाचार से गांवों का विकास होगा और पलायन पर प्रभावी रोक लगेगी।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आज सुरक्षा, सुशासन और विकास के क्षेत्र में देश के लिए प्रेरणास्रोत हैं। कहा कि योगी आदित्यनाथ का जीवन सेवा, त्याग और राष्ट्रहित के प्रति समर्पण की मिसाल है। शिक्षा को मनुष्य का सबसे बड़ा आभूषण बताते हुए सीएम धामी ने कहा कि शिक्षा केवल रोजगार का साधन नहीं, बल्कि संस्कार और जिम्मेदार नागरिक निर्माण का आधार है।
सांसद हरिद्वार त्रिवेंद्र सिंह रावत ने नवनिर्मित भवन को जनता को समर्पित किए जाने पर शुभकामनाएं दीं। कैबिनेट मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने विद्यालय की वर्तमान स्थिति की जानकारी देते हुए प्रांतीयकरण पर नियमानुसार कार्यवाही का आश्वासन दिया। स्थानीय विधायक रेनू बिष्ट ने विद्यालय के प्रांतीयकरण और विज्ञान विषय की कक्षाएं प्रारंभ कराने की मांग रखी।
इस अवसर पर मुख्यमंत्रियों ने विद्यालय के मेधावी छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया। कार्यक्रम में भाजपा जिलाध्यक्ष राजगौरव नौटियाल, एसएसपी सर्वेश पंवार, एडीएम अनिल गर्ब्याल, जिला शिक्षा अधिकारी (माध्यमिक) रणजीत सिंह, प्रधानाचार्य मनमोहन सिंह रौतेला आदि मौजूद रहे।



