उत्तरकाशी

स्यानाचट्टी में आपदा प्रभावितों से मिले सीएम धामी

उत्तरकाशी। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को स्यानाचट्टी में आपदा प्रभावित क्षेत्रों का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने प्रभावित लोगों से मिलकर उनकी समस्याएं सुनी और हरसंभव सहायता का आश्वासन दिया।

स्यानाचट्टी के पास गडगाड गदेरे से मलबा आने से यमुना नदी का प्रवाह अवरुद्ध होने से अस्थायी झील निर्मित हुई थी। मुख्यमंत्री ने निरीक्षण कर गाद को हटाने और झील के मुहाने को चौड़ा कर जल निकासी बढ़ाने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी को जलभराव और मलबा आने से स्थानीय लोगों के हुए नुकसान का तत्काल आंकलन कर रिपोर्ट देने और आवाजाही बाधित होने से आलू की फसल की उचित मूल्य पर खरीद की व्यवस्था करने के निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री ने इस दौरान कुपड़ा कुंशाला पुल का निरीक्षण भी किया। साथ ही जल्द से जल्द कार्यदायी संस्था नामित कर निर्माण कार्य शुरू करने और आवाजाही बहाल होने तक वैकल्पिक पैदल मार्ग को व्यवस्थित करने के निर्देश दिए। यह भी कि भूस्खलन के कारण अवरुद्ध हुए मार्गों को बहाल किया जाए। यमुनोत्री मार्ग को सुचारू कर यात्रा के लिए जल्द खोला जाए।

मुख्यमंत्री ने कहा संकट की इस घड़ी में सरकार हर पीड़ित परिवार के साथ है तथा प्रभावित लोगों को हुए नुकसान का आंकलन कर जल्द से जल्द हर संभव सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।

मौके पर पुरोला विधायक दुर्गेश्वर लाल, यमुनोत्री विधायक संजय डोभाल, जिलाध्यक्ष बीजेपी नागेंद्र चौहान, जिला पंचायत अध्यक्ष रमेश चौहान, प्रदेश मीडिया प्रभारी मनवीर चौहान, गढ़वाल समन्वयक किशोर भट्ट, जिलाधिकारी प्रशांत आर्य, पुलिस अधीक्षक सरिता डोभाल, कमांडेंट एसडीआरएफ अर्पण यदुवंशी, एडीएम मुक्ता मिश्र, एसडीएम बृजेश तिवारी, पुलिस उपाधीक्षक देवेंद्र सिंह नेगी, जनक सिंह पंवार आदि मौजूद थे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!