बदरीनाथ हाईवे पर छिनका के पास आवागमन सुचारु

Badrinath Highway Open : चमोली। एक दिन पहले छिनका के पास भारी भूस्खलन के चलते बंद बदरीनाथ आवागमन के लिए खोल दिया गया है। जिसके बाद दोनों ओर फंसे हजारों यात्रियों को उनके गंतत्व की तरफ रवाना किया गया। बताया जा रहा है कि इस जगह पहाड़ी से अभी भी कभी-कभी पत्थर छिटक रहे हैं, सो यात्रियों को देखकर चलने की सलाह दी गई है।
गुरुवार सुबह 10 बजे के करीब पहाड़ी से भारी मलबा आने के कारण बदरीनाथ हाईवे छिनका के पास बंद हो गया था। जिसके चलते हाईवे के दोनों ओर 10 हजार से भी अधिक यात्री फंसे हुए थे। प्रशासन ने रातभर हाईवे को खोलने का काम जारी रखा। तीन हैवी मशीनों के जरिए बदरीनाथ राजमार्ग को शुक्रवार तड़के करीब साढ़े 3 बजे यातायात के लिए खोला गया।
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार भूस्खलन जोन में पहाड़ी से पत्थर छिटकने के कारण वाहनों को बेहद सावधानी और फोर्स की निगरानी में गंतव्य की ओर रवाना किया गया। हाईवे सुबह 10 बजे बाद पूरी तरह से यातायात के लिए खोल दिया गया था। जिसके बाद दोनों छोर पर फंसे 8 हजार से अधिक यात्रियों को निकाला गया।
पुलिस प्रशासन ने सबसे पहले पीलकोटी और बिरही की तरफ फंसे वाहनों को निकाला गया। इसके बाद चमोली से बदरीनाथ की ओर जाने वाले वाहनों को रवाना किया गया। करीब 17 घंटे बाद राजमार्ग खुलने पर तीर्थयात्रियों, स्थानीय लोगों और सेना के जवानों ने राहत की सांस ली है।



