सियासत

Politics: … तो ‘आप’ को छोड़ने वाले ‘बिष्ट’ का अगला पड़ाव है यह दल !

Uttarakhand Politics : लोकसभा चुनाव में अब कुछ ही महीने शेष हैं, इससे पहले ही आम आदमी पार्टी (Aam Aadmi Party) को उत्तराखंड में बड़ा झटका लगा है। विधानसभा चुनाव 2022 के बाद कांग्रेस (Congress) से आप में शामिल हुए जोत सिंह बिष्ट (Jot Singh Bisht) ने अब आप को भी अलविदा कह दिया है। आप ने उन्हें संगठन समन्वयक की जिम्मेदारी सौंपी थी। कयास लगाए जा रहे हैं कि उनका अगला पड़ाव भाजपा हो सकता है।

इनदिनों के सर्द मौसम में 50 से अधिक नेता और कार्यकर्ताओं के आम आदमी पार्टी का दामन छोड़ने की खबर के बाद उत्तराखंड की सियासत में गर्माहट आ गई है। आज मीडिया प्लेटफार्म पर यही चर्चा आम रही। कयास भी लगाए जाने लगे हैं कि जोत सिंह बिष्ट का अगला पड़ाव कहां होगा।

जोत सिंह बिष्ट का कहना है कि पिछले चार महीने से कार्यकारिणी भंग है। शीर्ष नेतृत्व की उत्तराखंड के प्रति कोई रुचि नहीं है। ऐसे में आखिरकार उन्हें इस्तीफा देना पड़ा है। उनके साथ प्रदेश प्रवक्ता आरपी रतूड़ी, राजेंद्र, कमलेश, रमन समेत 50 से अधिक नाम शामिल हैं। जोत सिंह बिष्ट के मुताबिक यह संख्या कल तक 200 के पार पहुंच सकती है।

अपने अगले पड़ाव के बारे में जोत सिंह बिष्ट ने भले ही सिर्फ सोचने की बात कही है, लेकिन आज शाम तक मीडिया की चर्चाओं के आधार पर जानकारों का अंदाजा है कि जोत सिंह बिष्ट किशोर उपाध्याय की तरह भाजपा (BJP) का दामन थाम सकते हैं। यह भी माना जा रहा है कि आने वाले दिनों में लोकसभा चुनाव (Lok Sabha Election) से पहले उत्तराखंड की सियासत में तोड़-फोड़ का सिलसिला अन्य दलों को भी लपेटे में ले सकता है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button