![](https://shikharhimalaya.com/wp-content/uploads/2021/10/Harak-Mahendra-26-oct-2021.jpg)
इन दिनों जब हरक सिंह रावत और हरीश रावत को लेकर उत्तराखंड की सियासत में हलचल तेज है, तब बदरीनाथ के भाजपा विधायक महेंद्र भट्ट ने भी हरक सिंह पर निशाना साधा है। उन्होंने ‘निराशाजनक कार्यकाल’ वाले बयान पर हरक सिंह को आड़े हाथों लिया है।
दो दिन पहले काबीना मंत्री हरक सिंह का एक वीडियो वायरल हुआ था, जिसमें उन्होंने अपने कार्यकाल से खुद के संतुष्ट नहीं होने की बात कही थी। कहा कि उन्होंने काम किया, लेकिन जितना करना था वह नहीं कर सके। सियासी गलियारों में उनके इस बयान को भाजपा के भीतर के माहौल से जोड़कर देखा गया। जो कि संभवतः काम करने की आजादी नहीं होने की तरफ इशारा करता प्रतीत हुआ।
भाजपा के बदरीनाथ से विधायक महेंद्र भट्ट ने उनके इसी बयान को आधार बनाकर सोशल मीडिया पर पोस्ट किया है। जिसमें वह हरक सिंह का नाम लिए बिना लिखते हैं कि “मंत्री जी का ये बयान की ये कार्यकाल निराशाजनक रहा, इसका एक ही अर्थ निकलता है कि भाजपा सरकार में ब्यक्तिगत हित कम होते हैं, सार्वजनिक कार्य ज्यादा। मंत्री जी का बयान व्यक्तिगत है, सार्वजनिक विकास से जोड़ कर नही देखना चाहिए। ये भी सत्य है कि भाजपा सरकार में मंत्रियों का व्यक्तिगत विकास पर रोक तो लगती ही है। इसलिए व्यक्तिगत निराशा स्वाभाविक है।”
इस पर राजनीतिक जानकारों का मानना है कि भाजपा के भीतर अब आपस में ही उलझने बढ़ने लगी हैं। जिसे हवा देने से भी कोई चूक नहीं रहा है। हालांकि हरक सिंह रावत भट्ट की इस पोस्ट का क्या जवाब देंगे, या नहीं कहना मुश्किल है। लेकिन इससे उत्तराखंड की सियासत के और भी गर्म होने के आसार जरूर लग रहे हैं।