उत्तराखंडऋषिकेशचुनावसियासत

जो सीएम बनेगा घोषणापत्र लागू करने की गारंटी उसकीः राहुल

किच्छा में किसान सम्मान वर्चुअल रैली में पीएम मोदी पर भी साधा जमकर निशाना

Uttarakhand Electoin 2022: किच्छा। कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी ने कहा कि हमने अपने घोषणापत्र में भी लिखा है, उसे जो भी सीएम बनेगा, उसे लागू करने की गारंटी उसकी है। कहा कि हम ऐसी सरकार चाहते हैं, जिसमें किसान, मजदूरों और गरीबों को लगे ये हमारी सरकार है। जो भी हम कहना चाहते हैं, हम दिल खोलकर सरकार में मुख्यमंत्री को कह सकते हैं। ऐसी सरकार हम चाहते हैं।

राहुल गांधी ने यह बात आज उधमसिंह नगर के किच्छा में कांग्रेस द्वारा आयोजित वर्चुअल किसान सम्मान रैली के दौरान कही। सबसे पहले राहुल ने किसानों को बधाई दी कि वह तीन कानूनों के खिलाफ पहाड़ की तरह अड़े रहे। इस दौरान उन्होंने पीएम मोदी पर भी जमकर निशाना साधा। कहा कि आज नरेंद्र मोदी प्रधानमंत्री नहीं हैं। वह राजा हैं। राजा किसी की बात नहीं सुनता। प्रधानमंत्री ही लोगों की बात सुनता है।

उन्होंने किसानों और मजदूरों को ये बताने का प्रयास किया कि कांग्रेस की सरकार ही विकास को गति दे सकती है। किसानों को बधाई देने पर कहा कि यह बधाई इस बात की है कि आप इन तीन कानूनों के खिलाफ खड़े हो गए। आपने एक ईंच इनको नहीं दिया। कोई समझौता नहीं किया। एक कदम पीछे नहीं हटे और हिंदुस्तान की सरकार को सच्चाई दिखाई। ये आपका इतिहास है। आप सिर्फ देश को भोजन नहीं देते हो, आप देश को रास्ता दिखाते हो। सालों से आप देश को रास्ता दिखा रहे हो।

राहुल गांधी ने कहा कि अंग्रेजों से लड़ाई बड़े-बड़े उद्योगपतियों ने नहीं, किसानों और मजदूरों ने लड़ी। इसके बाद हरित क्रांति आई। कांग्रेस ने किसानों के साथ पार्टनरशिप बनाकर हरित क्रांति लाई। खून पसीना किसानों का लगा। उन्होंने कहा कि आपने देश की सरकार को बताया कि हिंदुस्तान की सच्चाई से हम नहीं हटने वाले हैं। आप हमें न खरीद सकते हो, ना डरा सकते हो। इस सरकार को ये समझाना बहुत जरूरी था और है।

बोले- पार्लियामेंट में अपने भाषण में मैंने कहा कि दो हिंदुस्तान बन रहे हैं। एक अमीरों का हिंदुस्तान, प्राइवेट हवाई जहाज, सेवन स्टार होटल, अमीर लोगों का हिंदुस्तान, उसमें कानून से भी कोई लेना देना नहीं। कुछ भी कर दो। चुने लोगों का हिंदुस्तान। हिंदुस्तान में सौ लोगों के पास हिंदुस्तान के 40 प्रतिशत लोगों से ज्यादा धन है। ऐसी इनकम डिस्पेरिटी किसी और देश में नहीं है। दूसरा हिंदुस्तान, गरीब, किसान, मजदूरों का है। उसमें आपको रोजगार नहीं मिलेगा। आपकी जमीन छीनी जाएगी। पेट्रोल के दाम बढ़ते जाएंगे। महंगाई बढ़ती जाएगी। दो हिंदुस्तान हम नहीं चाहते। हम एक हिंदुस्तान चाहते हैं। न्याय हिंदुस्तान में होना चाहिए।

उन्होंने कहा कि हम किसानों के साथ खड़े रहे क्योंकि उनके साथ अन्याय हुआ। मनमोहन सिंह के समय गोल्डन पीरिएड इसलिए था कि उस समय किसानों और सरकार के बीच बातचीत थी। सरकार के सारे दरवाजे खुले थे। कभी सहमति व असहमति होती थी। उस समय के हिंदुस्तान में प्रधानमंत्री था। आज के हिंदुस्तान में राजा है। प्रधानमंत्री सुनता है। प्रधानमंत्री के दरवाजे किसान, मजदूरों के लिए खुले होते हैं। वो सुनता है। कभी कह सकता है कि मैं तुम्हारी बात नहीं मानता, तुम गलत कह रहे हो। जब लोग सही बात कहते हैं, तो प्रधानमंत्री कहता है सही बात कह रहे हो। और अगर प्रधानमंत्री सबके लिए काम नहीं करता है, तो वो प्रधानमंत्री नहीं होता। आज नरेंद्र मोदी प्रधानमंत्री नहीं है। हिंदुस्तान के किसान एक साल सर्दी में कोविड में सड़क पर खड़े थे। प्रधानमंत्री ने उनसे बात करने की कोशिश तक की? क्या उनसे पूछा कि मेरे से बात करो? क्या प्रधानमंत्री ने ये कहा कि मुझे समझाओ कि तुम कृषि कानून क्यों नहीं चाहते हो?

राहुल गांधी ने कहा कि प्रधानमंत्री ने कहा ये किसान हैं, ये मजदूर हैं। मैं राजा हूं, राजा मजदूर और किसान से बात नहीं करता। राजा न सुनेगा ना बात करेगा। राजा सिर्फ निर्णय लेगा। नरेंद्र मोदी सोचते हैं राजा निर्णय लेगा तो जनता चुप रहे। यदि जनता चुप नहीं रहेगी तो सीबीआई, ईडी, पुलिस और पेगासस शुरू हो जाएगा। बड़े उद्योगपति के लिए बैंक के दरवाजे खुले होते हैं, हमारे लिए बंद हैं। बोले- आपने हमें कहा हमारा कर्जा वापस करो। हमने दस दिन में करके दिखाया। 70 हजार करोड़ रुपये का कर्जा माफ किया। हमने फ्री गिफ्ट नहीं दिया। हम समझे आप मुश्किल में हो। इसलिए मदद की। क्योंकि आप देश की मदद की। हम जानते हैं आपके बिना देश नहीं चलेगा। ये देश भूखा रह जाएगा।

उन्होंने कहा कि आप देश की नींव हो। यदि देश की नींव कमजोर होगी तो देश नहीं बचेगा। घोषणापत्र में हम चीजें लिखेंगे, लेकिन हमारी सोच आपके साथ पार्टनरशिप बनाना चाहती है। हिंदुस्तान में जो पीएम नरेंद्र मोदी ने किसानों के साथ किया, आपको एक साल अकेला सड़क पर, सर्दी में कोविड के समय खड़ा कर दिया। कांग्रेस पार्टी मर जाएगी, खत्म हो जाएगी, कभी किसानों के साथ ऐसा नहीं करेगी। ये हम गारंटी देते हैं। हम ऐसी सरकार चाहते हैं, जिसमें किसान, मजदूरों और गरीबों को लगे ये हमारी सरकार है। जो भी हम कहना चाहते हैं, हम दिल खोलकर सरकार में मुख्यमंत्री को कह सकते हैं। ऐसी सरकार हम चाहते हैं।

उन्होंने कहा कि कल गोवा में हमने न्याय योजना लॉंन्च की। निर्णय लिया सबसे गरीब लोगों को कांग्रेस पार्टी की सरकार सीधे खाते में पैसा हर माह देगी। ये ही उत्तराखंड में भी किया जाएगा। उन्हें लगे कि सरकार उनके साथ खड़ा है। यदि हमने घोषणापत्र में कुछ लिख दिया तो जो भी सीएम बनेगा, उसे लागू करने की उसकी गारंटी है। दूसरी तरफ नरेंद्र मोदी जी का भाषण याद है। दो करोड़ नौकरी दूंगा, काला धन मिटा दूंगा। जो गरीब का है वो अपने मित्रों को पकड़ा दूंगा।

इस दौरान पूर्व सीएम हरीश रावत, प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल, उत्तराखंड प्रभारी देवेंद्र यादव आदि भी मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button