Uttarakhand: देवप्रयाग को मिली केंद्र से बड़ी सौगात
CM ने केंद्रीय संस्कृत विवि में किया वेदशास्त्र अनुसंधान केंद्र का शुभारंभ

देहरादून। देवप्रयाग स्थित केंद्रीय संस्कृत विश्वविद्यालय श्री रघुनाथ कीर्ति परिसर में वेदशास्त्र अनुसंधान केंद्र का विधिवत शुभारंभ हो गया। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने वर्चुअल माध्यम से अनुसंधान केंद्र का उद्घाटन किया।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि श्री रघुनाथ कीर्ति परिसर केंद्र सरकार की उत्तराखंड को बड़ी सौगात है। जो कि बेहद कम समय में बड़ा नाम बन गया है। यहां अध्ययनरत छात्र स्वामी करपात्री महाराज त्याग, संकल्पबद्धता और धर्म रक्षा की प्रेरणा लेंगे। कहा कि प्राचीन ज्ञान के क्षेत्र में उत्तराखंड फिर से अपने वैभव को प्राप्त करे और संस्कृति व संस्कृत भाषा का प्रसार हो, इसके लिए यह विश्वविद्यालय उत्तराखंड के साथ देश की भी महत्त्वपूर्ण धरोहर है।
सीएम धामी ने कहा कि उत्तराखंड के छात्रों को पहले संस्कृत की उच्च शिक्षा के लिए वाराणसी, जयपुर, केरल, हरिद्वार आदि जाना पड़ता था, उनकी यह समस्या इस परिसर के खुलने से खत्म हो गई। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का इस परिसर पर विशेष फोकस है। पीएमओ इस परिसर के निर्माण और विकास कार्यों की लगातार निगरानी करता है।
उन्होंने कहा कि उत्तराखंड वेदभूमि भी है। भारत ने विश्व को वेदों का ज्ञान दिया, इसी कारण हम विश्वगुरु कहलाये। वेद हमारी पहचान हैं। इस पहचान को हम तभी कायम रख पाएंगे जब संस्कृत का प्रचार और प्रसार पूरे भारत वर्ष में होगा। कहा, हमारा प्रयास है कि संस्कृत के माध्यम से रोजगार भी मिले। हम उत्तराखंड की शिक्षा में संस्कृत का समावेश करना चाहते हैं। संस्कृत का संरक्षण तभी हो होगा, जब उसे रोजगार से जोड़ा जाएगा।
इस अवसर पर देवप्रयाग विधायक विनोद कंडारी, स्वामी अभिषेक ब्रह्मचारी, युवा चेतना के राष्ट्रीय संयोजक रोहित कुमार सिंह, कुलपति प्रो. श्रीनिवास वाराखेड़ी, निदेशक डॉ. पीवीबी सुब्रह्मण्यम आदि मौजूद थे।