उत्तराखंडसियासत

Uttarakhand: सरकार के एक साल पूर्ण होने पर सीएम ने की कई घोषणाएं

• सीएम ने किया दून से प्रदेशवासियों को संबोधित, बताई अपनी उपलब्धियां

• रेंजर्स ग्राउंड में कार्यक्रम आयोजित, विकास पुस्तिका का किया विमोचन

देहरादून। उत्तराखंड सरकार के एक साल का कार्यकाल पूर्ण होने पर प्रदेशभर में सरकार की उपलब्धियों पर आधारित कार्यक्रम आयोजित किए गए। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरुवार को रेंजर्स ग्राउंड में सूचना एवं लोक संपर्क विभाग की ओर से प्रकाशित विकास पुस्तिका ‘एक साल नई मिसाल’’ का विमोचन किया। सीएम ने ग्राम तरला नागल सहस्त्रधारा मार्ग में 12.45 हेक्टेयर में 37 करोड़ की लागत के सिटी फोरेस्ट की नींव भी रखी।

उत्कृष्ट उत्तराखंड बनाना लक्ष्य
इस अवसरा पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि आज के दिन देवभूमि की जनता ने अपनी आशाओं-आकांक्षाओं को पूरा करने के लिए चुनी गई सरकार का एक वर्ष पूरा हुआ है। आज हमारा उत्तराखंड ‘उत्कृष्ट उत्तराखंड’ बनने की राह पर अग्रसर है। कहा कि जनता भली-भांति जानती है कि कौन इस प्रदेश को विकास के पथ पर आगे बढ़ा सकता है? कौन वंचितों को उनके अधिकार दे सकता है? कौन युवाओं के सपने साकार कर सकता है और कौन अंत्योदय की परिकल्पना को सही आकार दे सकता है? जनता ने सत्य को चुना और हर कसौटी पर परख कर हमें एक बार पुनः सेवा का अवसर दिया। हमने प्रयास किया है कि तमाम चुनौतियों का समाधान निकाला जाए और राज्य को विकास कि राह पर आगे बढ़ाया जाए।

जन विश्वास हमारी प्रेरणा
मुख्यमंत्री ने कहा कि जनहित का फैसला लेने के समय उनके ध्यान में समाज के अंतिम पंक्ति के लोगों के चेहरा सामने होता है। लोगों का विश्वास ही हमारी प्रेरणा है, जिसे हमें और अधिक मजबूत करना है। विकसित राज्य बनाने का जो ‘विकल्प रहित संकल्प’ लेकर हम चले हैं उसके कुछ पड़ाव हमने पार कर लिए हैं, कई पड़ाव अभी पार करने हैं। प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी की अपेक्षा के अनुसार उत्तराखंड को देश का सर्वश्रेष्ठ राज्य बनाने के लिए राज्य सरकार पूर्ण रूप से संकल्पबद्ध है।

एक साल में लिए गए महत्वपूर्ण निर्णय
उन्होंने कहा कि सरकार ने मसूरी में ‘सशक्त उत्तराखंड/25 थीम’ पर राज्य के विकास का खाका ही नहीं तेजी से काम भी शुरू किया। अंत्योदय परिवारों को तीन गैस सिलेंडर देने, महिलाओं के लिए क्षैतिज आरक्षण, समान नागरिक संहिता का मसौदा तैयार करने की कार्यवाही, धर्मांतरण पर कानून बनाना, नई शिक्षा नीति, नई खेल नीति, सख्त नकल विरोधी कानून, राज्य आंदोलनकारियों को 10 प्रतिशत क्षैतिज आरक्षण आदि काम कम समय में करके दिखाए हैं।

प्रधानमंत्री का मिल रहा मार्गदर्शन
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और मार्गदर्शन में देवभूमि उत्तराखंड का तेजी से विकास हो रहा है। पिछले वर्षों में केंद्र सरकार द्वारा विभिन्न महत्वपूर्ण परियोजनाएं प्रदेश के लिए ना केवल स्वीकृत की गई हैं बल्कि इनमें से कई पूर्ण होने की कगार पर भी हैं। प्रधानमंत्री ने गौरीकुण्ड-केदारनाथ और गोविंदघाट-हेमकुण्ट साहिब रोपवे का शिलान्यास किया है और उन्हीं के मार्गदर्शन में मल्टी-मॉडल कनेक्टिविटी पर अभूतपूर्व कार्य हो रहा है। उत्तराखंड के सर्वांगीण विकास को सुनिश्चित करने के लिए डबल इंजन की हमारी सरकार निरंतर कार्य कर रही है। प्रधानमंत्री ने केदारनाथ की भूमि पर कहा था कि 21वीं सदी का तीसरा दशक उत्तराखंड का दशक होगा। इस दशक को उत्तराखंड का दशक बनाने के लिए राज्य सरकार तेजी से आगे बढ़ रही है। सभी विभागों द्वारा आगामी 10 सालों के रोडमैप पर कार्य किया जा रहा है।

सीएम के नेतृत्व में सरकार ने लिए अनेक निर्णयः सुबोध
कैबिनेट मंत्री एवं जनपद के प्रभारी मंत्री सुबोध उनियाल ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह के नेतृत्व में राज्य सरकार ने एक साल में जनहित में अनेक निर्णय लिए। गरीबों को साल में मुफ्त में 03 गैस सिलेण्डर दिए जा रहे हैं। किसानों को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में सराहनीय कार्य हुए हैं। स्टार्टअप एवं स्किल डेवलपमेंट की दिशा में विशेष प्रयास किए गए।

मुख्यमंत्री ने की 16घोषणाएं
– मुख्यमंत्री ने राज्य में मुख्यमन्त्री प्रतियोगी परीक्षार्थी परिवहन योजना शुरू कररने की घोषणा की। योजना के तहत परीक्षार्थियों को परिवहन निगम की बसों में 50 प्रतिशत की छूट दी जाएगी।
– कक्षा 06 से ही कंप्यूटर एवं सूचना प्रौद्योगिकी की शिक्षा को लागू किया जाएगा।
– 13 जनपदों में लैब ऑन व्हील्स ‘चलती-फिरती प्रयोगशाला’ स्थापित की जाएगी।
– उत्तराखंड राज्य साइंस टेक्नोलॉजी और इन्फोर्मेशन टेक्नोलॉजी कॉरिडोर के रूप में विकसित किया जाएगा। साथ ही राज्य सरकार इस क्षेत्र में शीघ्र ही ‘‘साइंस और टेक्नोलॉजी इनोवेशन पॉलिसी’’ लाएगी।
– हल्द्वानी गौलापार में स्थापित अन्तरराष्ट्रीय स्टेडियम को उच्चीकृत कर अन्तरराष्ट्रीय मानकों का खेल विश्वविद्यालय स्थापित किया जाएगा।
– राज्य में काश्तकारों को सहयोग देने के लिए मुख्यमंत्री औद्यानिकीकरण योजना प्रारम्भ की जाएगी।
– राज्य में पशुपालकों को सहयोग देने के मुख्यमंत्री राज्य पशुधन मिशन प्रारम्भ किया जाएगा।
– राज्य में मुख्यमंत्री कौशल विकास एवं रोजगार योजना प्रारम्भ की जाएगी। जिसमें स्नातक पास छात्र एवं छात्राओं को आवश्यक रूप से दक्ष बनाया जाएगा।
– राज्य के ऐसे गांव जिनकी आबादी 250 से अधिक है, उनको मुख्य सड़कों से जोड़ने के लिए मुख्यमंत्री ग्राम सड़क योजना प्रारम्भ की जाएगी।
– प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में उपलब्धता एवं उपयुक्तता के आधार पर 01-01 अमृत सरोवर या झील को पर्यटक स्थल एवं वाटर स्पोर्टस के केन्द्र के रूप में विकसित किया जाएगा।
– जिला सेवायोजन एवं कौशल विकास कार्यालय को स्वरोजगार केन्द्र के नोडल कार्यालय के रूप में विकसित किया जाएगा।
– श्रमिकों के बच्चों को भी उचित स्कूली शिक्षा मिल सके इस हेतु राज्य सरकार मोबाईल स्कूल (चलते-फिरते स्कूल) प्रारम्भ किए जाएंगे।
– राज्य सरकार द्वारा दिवालीखाल से गैरसैंण तक के सड़क मार्ग के चौड़ीकरण का कार्य किया जाएगा।
– लोकतंत्र सेनानी की मृत्यु होने पर उनकी पेंशन विधवा पत्नी को दी जाएगी।
– उत्तराखण्ड के लोकपर्वों उत्तरायणी, फूलदेई, हरेला, ईगास, बूढ़ी दिवाली आदि को व्यापक पहचान दिलाए जाने एवं पूर्ण श्रद्धा एवं हर्षाल्लास के साथ मनाए जाने के लिए समेकित नीति बनाई जाएगी।

इससे पूर्व मुख्यमंत्री ने कन्या पूजन के साथ विभिन्न विभागों के बहुद्देशीय शिविर का अवलोकन किया। प्रदेश के सभी जनपदों में जनपद के प्रभारी मंत्रियों, विधायकगणों एवं अन्य जनप्रतिनिधियों ने सरकार के एक साल पूर्ण होने पर आयोजित कार्यक्रमों में प्रतिभाग किया। मौके पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेन्द्र भट्ट, विधायक खजान दास, विनोद चमोली, उमेश शर्मा काऊ, सविता कपूर, बृजभूषण गैरोला, सहदेव सिंह पुंडीर, मेयर देहरादून सुनील उनियाल गामा, मेयर ऋषिकेश अनीता ममगाईं, जिला पंचायत अध्यक्ष मधु चौहान, मुख्य सचिव डॉ. एसएस संधु, अपर मुख्य सचिव राधा रतूड़ी, सचिव शैलेष बगोली, सूचना महानिदेशक बंशीधर तिवारी, जनप्रतिनिधिगण, वरिष्ठ अधिकारीगण एवं अन्य गणमान्य मौजूद थे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button