Uttarakhand: सीएम धामी ने केंद्रीय मंत्री जोशी से की यह मांग

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने नई दिल्ली में केंद्रीय कोयला एवं खान मंत्री प्रह्लाद जोशी से मुलाकात की। उन्होंने केंद्रीय मंत्री से उत्तराखंड में एक पिट-हेड थर्मल पावर प्लांट स्थापित करने की मांग की।
मुख्यमंत्री ने केंद्रीय मंत्री जोशी से न्यूनतम 1000 मेगावाट के पिट-हेड थर्मल पावर प्लांट स्थापित किए जाने के लिए उत्तराखंड राज्य को लगभग 125 मिलियन टन भंडारण क्षमता के कोल ब्लॉक का आवंटन प्राथमिकता से करने का आग्रह भी किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि अनुकूल औद्योगिक नीति के कारण राज्य में तेज गति से औद्योगिक विकास हुआ है। औद्योगिकीकरण बढ़ने के कारण आने वाले वर्षों में विद्युत की मांग और बढ़ने की संभावना है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में विद्युत परियोजनाओं के तेज गति से विकास किए जाने के लिए यूजेवीएन लि. और टीएचडीसी इंडिया लि. के बीच एक संयुक्त उपक्रम टीएचडीसीआईएल-यूजेवीएनएल एनर्जी कम्पनी लि. का गठन किया गया है।