Uttarakhand: सिलेबस में शामिल होगी चंद्रयान अभियानों की जानकारी: शिक्षामंत्री
![](https://shikharhimalaya.com/wp-content/uploads/2023/08/dehradun-dhan-singh-rawat-meeting.jpg)
देहरादून। भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संस्थान (इसरो) के चन्द्रयान अभियानों को अब उत्तराखंड के स्कूली पाठ्यक्रम में शामिल किया जाएगा। शिक्षामंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने इस बाबत अधिकारियों को निर्देश दे दिए हैं।
शिक्षामंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने गुरुवार को शास्कीय आवास पर विद्यालयी शिक्षा विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक की । बताया कि चन्द्रयान-3 अभियान की सफलता ने देश एवं दुनिया में भारतीय मेधा का परचम लहराया है। बच्चों में वैज्ञानिक दृष्टिकोण विकसित हो इस उद्देश्य से विद्यालयी शिक्षा पाठ्यक्रम में इसरो) द्वारा संचालित चन्द्रयान अभियानों को शामिल किया जाएगा। इसके लिये विभागीय अधिकारियों को विज्ञान वर्ग के अंतर्गत कक्षा 6वीं से 12वीं तक के लिए चरणवद्ध पाठ्यक्रम तैयार करने को कहा गया है।
बैठक में 5 सितम्बर को राजकीय विद्यालयों में शिक्षक दिवस धूमधाम से मनाने का निर्णय भी लिया गया। बताया गया कि उत्कृष्ट कार्य करने वाले शिक्षकों को इस दिन राज्य से ब्लॉक स्तर तक सम्मानित किया जाएगा। इसके अलावा हाल ही में चयनित एलटी शिक्षकों को 6 सितम्बर को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के हाथों नियुक्ति पत्र सौंपे जाएंगे। जिसकी तैयारी के निर्देश विभागीय अधिकारियों को दिए गए हैं।
शिक्षा मंत्री ने कहा कि कतिपय विद्यालय ऐसे हैं जहां पर शिक्षक तैनात हैं लेकिन उनके विषय में छात्र-छात्राओं की संख्या शून्य है। ऐसे शिक्षकों को अन्यत्र विद्यालयों में जहां पर संबंधित विषय में छात्र पंजीकृत हों समायोजित किया जाएगा। विभागीय अधिकारियों को सूची तैयार कर कार्यवाही के निर्देश दिए गए हैं। बताया कि विभिन्न राजकीय विद्यालयों में कार्यरत संविदा शिक्षकों की समस्याओं के समाधान के लिए सितम्बर प्रथम सप्ताह में विभागीय अधिकारियों के साथ बैठक कर ठोस निर्णय लिया जाएगा।
वहीं, उन्होंने विभागीय अधिकारियों को आपदा से क्षतिग्रसत विद्यालयों के आपदा मद से मरम्मत व निर्माण कराने के भी निर्देश दिए। बैठक में महानिदेशक विद्यालयी शिक्षा बंशीधर तिवारी, निदेशक माध्यमिक शिक्षा सीमा जौनसारी, निदेशक बेसिक शिक्षा आरके उनियाल आदि मौजूद थे।