Uttarakhand: कैबिनेट मंत्री चंदन राम दास ने ली अंतिम सांस
सीएम ने जताया दुःख, तीन दिन का राजकीय शोक घोषित, राजनीति सफर…

देहरादून/बागेश्वर। 26 अप्रैल। Cabinet Minister Chandan Ram Das Passed Away : उत्तराखंड सरकार में कैबिनेट मंत्री चंदन राम दास ने बुधवार को 65 वर्ष की उम्र में निधन हो गया। हार्ट अटैक के बाद उन्हें जिला अस्पताल बागेश्वर में भर्ती कराया गया था। उनके निधन से पार्टी और प्रदेश में शोक की लहर दौड़ गई। सीएम धामी ने उनके निधन पर गहरा दुःख जताया है। वहीं प्रदेश में तीन दिन का राजकीय शोक घोषित कर दिया गया है।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक मंत्री चंदन राम दास मंगलवार शाम बागेश्वर पहुंचे थे। बुधवार सुबह उन्हें सांस लेने में तकलीफ हुई, जिसके बाद उन्हें जिला अस्पताल के आईसीयू में भर्ती कराया गया। दोपहर करीब एक बजे कार्डियक अटैक पड़ने से उन्होंने अंतिम सांस ली। कार्डियक अटैक की पुष्टि सीएमओ डॉ डीपी जोशी ने की।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कैबिनेट मंत्री चन्दन राम दास के निधन पर शोक व्यक्त किया, कहा कि मंत्रिमंडल में मेरे वरिष्ठ सहयोगी चंदन राम दास के आकस्मिक निधन के समाचार से स्तब्ध हूं। उनका निधन जनसेवा एवं राजनीति के क्षेत्र में अपूरणीय क्षति है। ईश्वर पुण्यात्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान एवं परिजनों व समर्थकों को यह असीम कष्ट सहन करने की शक्ति प्रदान करें।
मंत्री चंदन रामदास के निधन पर प्रदेश में 26 से 28 अप्रैल तक राजकीय शोक रहेगा। तीन दिनों तक प्रदेश के सभी कार्यालय, बैंक, कोषागार, उपकोषागार बंद रहेंगे। प्रदेश के सभी जनपदों के सरकारी कार्यालयों में तीन दिन तक राष्ट्रीय ध्वज आधा झुका रहेगा।
चार बार रहे विधायक
बागेश्वर विधानसभा सीट से चंदन राम दास लगातार चार बार से विधायक रहे। उन्होंने 2007, 2012, 2017 और 2022 में चुनाव जीतें। धामी सरकार में उन्हें कैबिनेट मंत्री का दर्जा मिला। उनके पास समाज कल्याण, अल्पसंख्यक कल्याण, छात्र कल्याण, परिवहन, लघु, सूक्ष्म एवं मध्यम उद्यम और खादी एवं ग्रामोद्योग मंत्रालयों की जिम्मेदारी थी। उनका राजनीतिक सफर 1980 में शुरू हुआ था। 1997 में नगर पालिका बागेश्वर के निर्दलीय अध्यक्ष बने। इससे पूर्व एमबी डिग्री कालेज हल्द्वानी में बीए प्रथम वर्ष में निर्विरोध संयुक्त सचिव बने। 2006 में भाजपा में शामिल हुए थे।