
देहरादून। मुख्यमंत्री के मार्गदर्शन और डीएम सविन बंसल के निर्देशन में जिले के राजकीय माध्यमिक विद्यालयों में शिक्षा के आधुनिकीकरण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। प्रोजेक्ट उत्कर्ष के तहत विद्यालयों में स्मार्ट क्लासेज की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
योजना के अंतर्गत जनपद के छह विकासखंडों में 168 राजकीय माध्यमिक विद्यालयों में स्मार्ट शिक्षण व्यवस्था लागू की गई है। कुल 3.67 करोड़ रुपये की लागत से 884 स्मार्ट टीवी की स्थापना की जा रही है। इसका उद्देश्य विद्यार्थियों को आधुनिक, इंटरएक्टिव व तकनीक-सक्षम शिक्षा उपलब्ध कराना है।
स्मार्ट टीवी के माध्यम से कक्षा-कक्षों में अब ऑडियो-वीडियो कंटेंट, ई-लर्निंग मॉड्यूल, डिजिटल पाठ्यसामग्री, दीक्षा पोर्टल, पीएम ई-विद्या, शैक्षिक वीडियो और वर्चुअल कक्षाओं का प्रभावी उपयोग किया जा सकेगा। इससे शिक्षण प्रक्रिया अधिक रोचक, सहभागितापूर्ण और परिणामोन्मुख बनने की उम्मीद है। यह पहल ग्रामीण और शहरी विद्यालयों के बीच डिजिटल अंतर को कम करने में भी सहायक सिद्ध होगी।
कक्षा-कक्षों के आकार और छात्र संख्या के मद्देनजर 43 व 55 इंच के स्मार्ट टीवी खरीदे गए हैं। परियोजना के लिए स्वीकृत 3.67 करोड़ रुपये की धनराशि जिला खनन निधि से वहन की गई है। इससे पूर्व जिले के सभी सरकारी विद्यालयों को 5 करोड़ रुपये के सीएसआर फंड से फर्नीचर उपलब्ध कराया गया था।
जिलाधिकारी सविन बंसल ने इस पहल को राष्ट्रीय शिक्षा नीति के अनुरूप बताते हुए कहा कि जिला प्रशासन विद्यार्थियों को आधुनिक शैक्षिक संसाधनों से जोड़ने के लिए निरंतर प्रयासरत है। जल्द ही सभी विद्यालयों में डिजिटल शिक्षण सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी, जिससे शैक्षणिक गुणवत्ता में उल्लेखनीय सुधार होगा।



