कोषागार कार्मिकों ने किया पूर्व मंत्री अग्रवाल का अभिनंदन

ऋषिकेश। कोषागार कर्मचारी यूनियन ने लेखाकारों की वेतन विसंगति दूर कराने पर पूर्व वित्त मंत्री प्रेमचंद अग्रवाल का अभिनंदन किया। संगठन पदाधिकारियों ने बताया कि अग्रवाल के प्रयासों से कैबिनेट के माध्यम से उनका ग्रेड वेतन 4200 से बढ़कर 4800 हुआ।
हिमालय होटल में आयोजित कार्यक्रम के दौरान संगठन के प्रदेश महामंत्री रितेश मेहरा, जिलाध्यक्ष संदीप जोशी, महामंत्री पंकज हटवाल ने प्रेमचंद अग्रवाल का माल्यार्पण किया। प्रदेश उपाध्यक्ष कृष्ण प्रसाद थपलियाल ने बताया कि कोषागार के सहायक लेखाकारों को पदोन्नति के बाद भी ग्रेड वेतन 4200 दिया जा रहा था।
उन्होंने बताया कि कोषागार कार्मिकों ने इस संबंध में सूबे के तत्कालीन वित्तमंत्री प्रेमचंद अग्रवाल से वार्ता की। जिसके बाद उनके प्रयासों और निदेशालय व शासन के सहयोग से कोषागार के पदोन्नत लेखाकारों का 4800 ग्रेड वेतन मंजूद किया गया। जिसका 06 जून 2025 को जीओ जारी हो गया है।
इस अवसर पर प्रेमचंद अग्रवाल ने कहा कि राजनीतिक जीवन में आने के बाद उनका प्रयास रहा कि जनता की समस्याओं का निदान करता रहूं। कोषागार कार्मिकों ने अपनी समस्या बताई, तो उसे समाधान करने का प्रयास किया। जिसके बाद 175 कोषागार कार्मिकों की वेतन विसंगति दूर हो गई है। उन्होंने अभिनंदन के लिए कोषागार कार्मिकों का आभार भी जताया।
मौके पर कोषागार कर्मचारी संगठन के रवि थपलियाल, हिमांशु जैन, हरीश सिंह, संजय नौटियाल, प्रशांत शर्मा, राहुल कुमार, भरत सिंह कल्याण सिंह, मोहम्मद शमीम, अनवर अली, रघुनंदन मिश्रा, दीपक पांडे, अमित कुमार, श्रेया, मनोज ध्यानी आदि मौजूद रहे।