देहरादून

उत्तराखंड में सड़क इंफ्रास्ट्रक्चर को दी जा रही प्राथमिकताः CM

दिल्ली में राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं की समीक्षा बैठक में शामिल हुए धामी

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को नई दिल्ली स्थित भारत मंडपम में केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी की अध्यक्षता में आयोजित राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं की समीक्षा बैठक में प्रतिभाग किया।

बैठक के दौरान मुख्यमंत्री ने उत्तराखंड में सड़क कनेक्टिविटी के क्षेत्र में हो रहे विकास कार्यों का वीडियो प्रेजेंटेशन दिया। सीएम धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में उत्तराखंड में सड़क इंफ्रास्ट्रक्चर को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जा रही है।

उन्होंने बताया कि चारधाम यात्रा को सुगम, सुलभ और सुरक्षित बनाने के उद्देश्य से ₹12,769 करोड़ की लागत से चारधाम महामार्ग परियोजना के तहत प्रमुख राष्ट्रीय राजमार्गों का उन्नयन किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी के मार्गदर्शन में प्रदेश के कठिन भौगोलिक क्षेत्रों में भी सड़क परियोजनाएं सफलतापूर्वक पूरी की गई हैं। वर्तमान में राज्य में 3,723 किलोमीटर का राष्ट्रीय राजमार्ग नेटवर्क विकसित हो चुका है।

मुख्यमंत्री ने जानकारी दी कि एनएचएआई द्वारा डिजाइन किए गए 597 किलोमीटर मार्गों में से 336 किलोमीटर से अधिक का कार्य पूर्ण किया जा चुका है। हरिद्वार, ऋषिकेश, देहरादून, रुद्रपुर, काशीपुर, हल्द्वानी और काठगोदाम जैसे प्रमुख केंद्र अब चौड़ी और सुरक्षित सड़कों से जुड़े हैं।

दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेस-वे सहित देहरादून और हरिद्वार बाईपास जैसी परियोजनाएं भी यातायात को तेज, सुरक्षित और सुगम बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। बैठक में केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग राज्यमंत्री अजय टम्टा, हर्ष मल्होत्रा आदि भी मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!