23 मई से खुलेंगे हेमकुंट साहिब के कपाट
तीर्थयात्रियों की सुविधाओं और सुरक्षा पर हुआ मंथन

देहरादून। उत्तराखंड के प्रसिद्ध सिख तीर्थ गुरुद्वारा हेमकुंट साहिब के कपाट इस वर्ष 23 मई शनिवार के दिन श्रद्धालुओं के लिए खुल जाएंगे। यह निर्णय यात्रा सीजन की तैयारियों और मौसम के आकलन के बाद लिया गया है।
गुरुद्वारा हेमकुंट साहिब प्रबंधन ट्रस्ट के अध्यक्ष नरेंद्रजीत सिंह बिंद्रा ने इस बारे उत्तराखंड के मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन से मुलाकात कर यात्रा की व्यवस्थाओं पर चर्चा की। बैठक में तय किया गया कि अनुकूल मौसम और कम बर्फबारी को देखते हुए इस वर्ष यात्रा अपेक्षाकृत पहले शुरू की जा सकती है।
हेमकुंट साहिब यात्रा का संचालन ट्रस्ट राज्य सरकार के समन्वय से करता है। तीर्थयात्रियों की सुविधा के लिए हरिद्वार, ऋषिकेश, श्रीनगर, रतूड़ा, जोशीमठ, गोविंदघाट और घांघरिया में ट्रस्ट की धर्मशालाओं में निःशुल्क ठहरने और भोजन की व्यवस्था की जाती है। वहीं, हेमकुंट साहिब में भी लंगर की व्यवस्था रहती है। लेकिन अधिक ऊंचाई और सीमित संसाधनों के कारण वहां रात्रि विश्राम की अनुमति नहीं दी जाती।
मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने राज्य सरकार की ओर से हेमकुंट साहिब यात्रा के सुचारू संचालन के लिए पूर्ण सहयोग का भरोसा दिलाया। उन्होंने कहा कि सरकार चारधाम और हेमकुंट साहिब आने वाले श्रद्धालुओं के लिए सुरक्षित, सुगम और सुव्यवस्थित यात्रा सुनिश्चित करने के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं करेगी।



