दिल्ली पहुंची ऋषिकेश के हजारों परिवारों की पीड़ा
महेंद्र भट्ट ने राज्यसभा में उठाया मुद्दा, केंद्रीय वनमंत्री से मिले त्रिवेंद्र सिंह रावत

ऋषिकेश। नगर निगम ऋषिकेश अंतर्गत बापूग्राम और आसपास के 12 वार्डों में वन विभाग के सर्वे और घरों के उजड़ने की आशंका का मामला दिल्ली पहुंच गया है। सुप्रीम कोर्ट के आदेश पर उपजे भूमि विवाद को लेकर राज्यसभा सांसद महेंद्र प्रसाद भट्ट ने सदन में तो हरिद्वार सांसद त्रिवेंद्र सिंह रावत ने केंद्रीय वन एवं पर्यावरण मंत्री के सामने उठाया है।
राज्यसभा सांसद महेंद्र प्रसाद भट्ट ने बापूग्राम भूमि प्रकरण को सदन में उठाते हुए प्रभावित क्षेत्र को राजस्व ग्राम घोषित किए जाने की मांग की। उन्होंने कहा कि पिछले सात दशकों से हजारों परिवार इन क्षेत्रों में निवास कर रहे हैं। यहां से नगर निगम को हर वर्ष करोड़ों रुपये का राजस्व प्राप्त होता है। सरकार की कई महत्वपूर्ण योजनाएं भी इन इलाकों में संचालित हो रही हैं। ऐसे में नागरिकों को अनिश्चितता में रखना उचित नहीं है। सरकार का दायित्व है कि उन्हें स्थायी समाधान दिया जाए।
वहीं हरिद्वार लोकसभा सांसद एवं पूर्व मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने भी इस मुद्दे को गंभीरता से लेते हुए एकदिन पहले बापूग्राम बचाओ संघर्ष समिति संयोजक राजेश जुगरान की अगुवाई वाले प्रतिनिधिमंडल के साथ केंद्रीय वन एवं पर्यावरण मंत्री भूपेंद्र यादव से मुलाकात की। उन्होंने प्रभावित क्षेत्रों की स्थिति से अवगत कराते हुए जनता के हित में सकारात्मक निर्णय लेने का आग्रह किया।



