बापूग्राम प्रकरण पर सीएम धामी से हुई चर्चा
विधायक प्रेमंचद अग्रवाल ने मुख्यमंत्री से की मुलाकात

देहरादून/ऋषिकेश। क्षेत्रीय विधायक प्रेमचंद अग्रवाल ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से मिलकर ऋषिकेश के बापूग्राम और आसपास के क्षेत्र में वन विभाग की कार्रवाई के साथ स्थानीय लोगों की परेशानी पर चर्चा की। इससे पूर्व प्रभावित क्षेत्रों के पार्षदों ने अग्रवाल को मौजूदा हालात से अवगत कराया।
सोमवार को सीएम के शासकीय आवास पर मुलाकात के दौरान विधायक अग्रवाल ने सीएम को बापूग्राम क्षेत्र की वर्तमान स्थिति, समस्याओं, भावनाओं और चुनौतियों की जानकारी दी। साथ ही सीएम से जनभावनाओं के मद्देनजर वनभूमि प्रकरण में न्यायसंगत समाधान सुनिश्चित करने की मांग की।
अग्रवाल ने खासकर आर्थिक रूप से कमजोर व जरूरतमंद परिवारों को बतौर राहत आर्थिक सहायता देने की मांग भी रखी। अग्रवाल ने बताया कि मुख्यमंत्री ने जनहित को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए आवश्यक कदम उठाने के प्रति आश्वस्त किया है। 
उधर, इससे पूर्व ऋषिकेश में अग्रवाल के आवास पर क्षेत्रीय पार्षदों और भाजपा कार्यकर्ताओं ने उन्हें क्षेत्र की स्थिति से अवगत कराते हुए सुझाव दिए। अग्रवाल ने कहा कि जनहित, सम्मान व अधिकारों की रक्षा के लिए वे सदैव प्रतिबद्ध हैं।
मौके पर निगम पार्षद वीरेंद्र रमोला, हर्षवर्धन रावत उर्फ पिंटू, संजय ध्यानी, दिनेश रावत, वीरभद्र मंडल अध्यक्ष सुरेंद्र सिंह सुमन, पुनीता भंडारी, गोविंद रावत, पिंकी धस्माना, विपिन पंत आदि मौजूद थे।



