टिहरी गढ़वाल

टिहरीः घनसाली को मिली विकास योजनाओं की सौगात

टिहरी। घनसाली में आयोजित तीन दिवसीय ‘घनसाली बसंत महोत्सव-2026’ इस बार सांस्कृतिक रंगों तक ही सीमित नहीं रहा, बल्कि विकास योजनाओं की सौगात भी साथ लाया। कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज ने कुल 1301.42 लाख रुपये की विकास योजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण किया।

एक होटल में आयोजित कार्यक्रम के दौरान लोक निर्माण विभाग की 171.79 लाख रुपये की एक योजना, सिंचाई विभाग की 1069.63 लाख रुपये लागत की दो योजनाएं और पंचायती राज विभाग के अंतर्गत 60 लाख रुपये की लागत से निर्मित तीन पंचायत भवनों का लोकार्पण किया गया।

मंत्री सतपाल महाराज ने कहा कि प्रदेश सरकार सड़क कनेक्टिविटी, ग्रामीण संपर्क और पर्यटन विस्तार को प्राथमिकता दे रही है। बताया कि हजारों गांवों को सड़क मार्ग से जोड़ने के साथ ही मुख्यमंत्री ग्राम संपर्क योजना के माध्यम से दूरस्थ क्षेत्रों तक विकास पहुंचाया जा रहा है।

महोत्सव में सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने भी समां बांधा। स्कूली छात्राओं के बैंड ने अतिथियों का स्वागत किया, जबकि विभिन्न विद्यालयों के विद्यार्थियों ने लोकनृत्य और वीर माधो सिंह भंडारी नाटक प्रस्तुत कर दर्शकों की खूब सराहना बटोरी। उत्कृष्ट प्रस्तुति पर छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया गया।

इस अवसर पर विधायक शक्तिलाल शाह, डीएम नितिका खंडेलवाल, महाराज की पुत्रवधु मोहिना रावत, पौत्र शियांश रावत, भाजपा जिलाध्यक्ष उदय रावत, नगर पंचायत अध्यक्ष चमियाला गोविंद, व्यापार मंडल के कैलाश बड़ोनी, पूर्व प्रमुख वसुमति घनाता, प्रमुख राजीव कंडारी, ज्येष्ठ प्रमुख प्यार सिंह बिष्ट, कनिष्ठ प्रमुख कृष्णा गैरोला, एसडीएम अलकेश नौडियाल आदि मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!