Rishikesh: बहुउद्देशीय शिविर 1292 लोगों को मिला लाभ

ऋषिकेश। प्रदेश सरकार के “जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार” कार्यक्रम के अंतर्गत मंगलवार को न्याय पंचायत श्यामपुर की ग्राम पंचायत खदरी खड़कमाफ में बहुउद्देशीय शिविर का आयोजन किया गया। एसडीएम योगेश मेहरा की अध्यक्षता में आयोजित शिविर में 60 शिकायतें दर्ज हुई। 17 शिकायतों का मौके पर ही समाधान किया गया।
जनप्रतिनिधियों ने किया शिविर का निरीक्षण
शिविर में विधायक प्रेमचंद अग्रवाल, दर्जाधारी राज्यमंत्री मधु भट्ट, सुरेंद्र मोगा और एसडीएम योगेश मेहरा ने विभागों द्वारा लगाए गए स्टालों का निरीक्षण किया। जनप्रतिनिधियों ने कहा कि सरकार की मंशा है कि योजनाओं का लाभ सीधे अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे।
महिला एवं बाल विकास विभाग ने बांटी किट
महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास विभाग द्वारा तीन महिलाओं को मुख्यमंत्री महालक्ष्मी किट और 10 लाभार्थियों को बेबी किट वितरित की गई। अधिकारियों ने महिलाओं को मातृत्व एवं बाल पोषण योजनाओं की जानकारी भी दी।
इन समस्याओं को लेकर पहुंचे ग्रामीण
श्यामपुर न्याय पंचायत सहित ऋषिकेश, गढ़ी मयचक, गुमानीवाला, विस्थापित, रायवाला और भटोवाला क्षेत्र से पहुंचे ग्रामीणों ने भूमि, सड़क, पेयजल, विद्युत, सिंचाई, वन, परिवहन और समाज कल्याण से संबंधित समस्याएं रखीं। सबसे अधिक शिकायतें राजस्व, सिंचाई, विद्युत और वन विभाग से जुड़ी रहीं।
स्वास्थ्य, पशुपालन और कृषि को मिला लाभ
शिविर में कुल 1292 लोगों को विभिन्न योजनाओं से लाभान्वित किया गया। जिनमें स्वास्थ्य विभाग ने 170 लोगों की जांच, होम्योपैथिक में 82 मरीजों का उपचार, आयुर्वेद में 26 लोगों को दवाइयां और पशुपालन विभाग ने 259 कृषकों को पशु औषधियां बांटी गई।
प्रमाण पत्र, पेंशन और किसान योजनाएं
शिविर में राजस्व विभाग द्वारा 36 प्रमाण पत्र जारी किए गए। समाज कल्याण विभाग ने 60 पात्र लाभार्थियों की पेंशन स्वीकृत की। कृषि और उद्यान विभाग ने किसानों को बीज, कृषि यंत्र और पीएम किसान निधि का लाभ दिया। एनआरएलएम, सहकारिता, डेयरी, विद्युत और रीप परियोजना के अंतर्गत भी सैकड़ों लोग लाभान्वित हुए।
शिविर में यह रहे मौजूद
शिविर में कनिष्ठ प्रमुख बीना चौहान, जिपंस विनीता रतूड़ी, क्षेपंस मनीषा पडियार, रुकमा व्यास, किशोर पैन्यूली, प्रधान आशीष रांगड़, संगीता थपलियाल, विजय लक्ष्मी पंवार, शकुंतला बिष्ट, सुषमा बिष्ट, मीना रतूड़ी, संगीता राणा, बीडीओ परशुराम सकलानी आदि मौजूद रहे।



