
देहरादून। उत्तराखंड में खेल विश्वविद्यालय की स्थापना को लेकर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अधिकारियों से विशेषज्ञों से सुझाव लेने और आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने हल्द्वानी में भी खेल विवि की संभावनाएं तलाशने के लिए कहा है।
बुधवार को सीएम धामी ने सचिवालय में प्रदेश में प्रस्तावित खेल विश्वविद्यालय को लेकर अधिकारियों के साथ बैठक की। मुख्यमंत्री ने कहा कि 2024 में उत्तराखंड में राष्ट्रीय खेलों का आयोजन होना है। उत्तराखंड में भी खेल प्रतिभाओं की कमी नहीं हैं। राज्य की नई खेल नीति में युवाओं को बेहतर सुविधाएं देने के प्रयास किए जा रहे हैं। खेल विश्वविद्यालय बनने से राज्य के युवाओं को अपनी प्रतिभा दिखाने के बेहतर अवसर मिलेंगे।
उन्होंने अधिकारियों को खेल विवि के लिए अवस्थापना सुविधाओं के विकास के साथ खेल व आवश्यक शैक्षणिक गतिविधियों के लिए विषय विशेषज्ञों के सुझाव लेने के निर्देश दिए। कहा कि विशेषज्ञों के सुझावों के आधार पर विवि की स्थापना पर अग्रिम आवश्यक कार्यवाही की जाए। सीएम ने हल्द्वानी स्थित खेल मैदान में भी विवि की संभावनाएं तलाशने को कहा। इसके लिए अतिरिक्त भूमि की व्यवस्था पर भी ध्यान देने के लिए कहा है।
बैठक में खेल मंत्री रेखा आर्या, मुख्य सचिव डॉ. एसएस संधु, अपर मुख्य सचिव राधा रतूड़ी, विशेष प्रमुख सचिव अभिनव कुमार, सचिव आर. मीनाक्षी सुंदरम, शैलेश बगोली, दिलीप जावलकर, महानिदेशक यूकॉस्ट प्रो. दुर्गेश पंत, खेल निदेशक जितेन्द्र सोनकर मौजूद थे।