उत्तराखंड के लिए ₹350 करोड़ की विशेष सहायता मंजूर
सीएम धामी ने इसके लिए पीएम नरेंद्र मोदी का आभार जताया

देहरादून। उत्तराखंड को वित्तीय प्रबंधन में दक्षता के लिए केंद्र सरकार से बड़ी मदद मिली है। ‘वित्तीय प्रबंधन में दक्षता के लिए राज्यों को प्रोत्साहन’ के अंतर्गत प्रदेश को ₹350 करोड़ की प्रोत्साहन राशि मंजूर की गई है। इस उपलब्धि को राज्य सरकार की सुदृढ़ आर्थिक नीतियों और पारदर्शी शासन व्यवस्था का परिणाम माना जा रहा है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने इस महत्वपूर्ण निर्णय के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भारत सरकार का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि राज्य ने कर संग्रह बढ़ाने, राजकोषीय अनुशासन बनाए रखने, अनावश्यक व्यय पर नियंत्रण और डिजिटल भुगतान प्रणाली को मजबूत करने जैसे क्षेत्रों में ठोस सुधार किए हैं, जिसका सकारात्मक परिणाम अब सामने आया है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि इससे पूर्व भी उत्तराखंड को खनन क्षेत्र में पारदर्शी नीतियों के क्रियान्वयन, ई-टेंडरिंग और ऑनलाइन मॉनिटरिंग प्रणाली लागू करने के साथ-साथ परिवहन विभाग में सुधारात्मक कदम उठाने के लिए केंद्र से प्रोत्साहन राशि प्राप्त हो चुकी है। कहा कि यह दर्शाता है कि राज्य सुधार-आधारित शासन मॉडल को प्रभावी रूप से लागू कर रहा है।
उन्होंने विश्वास जताया कि केंद्र से प्राप्त यह सहायता राज्य की विकास परियोजनाओं को गति देगी और आधारभूत संरचना को सुदृढ़ बनाने में सहायक सिद्ध होगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में उत्तराखंड सुशासन और पारदर्शिता के क्षेत्र में नए मानक स्थापित कर रहा है।
राज्य सरकार ‘विकास भी, विरासत भी’ के संकल्प के साथ उत्तराखंड को देश के अग्रणी राज्यों में स्थापित करने के लिए प्रतिबद्ध है, और यह वित्तीय प्रोत्साहन उसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।



