चारधाम यात्रा रूट पर संचालित होंगे स्मार्ट चेकपोस्ट

देहरादून। 19 अप्रैल से शुरू हो रही चारधाम यात्रा को लेकर परिवहन विभाग की तैयारियां भी अंतिम चरण में हैं। प्रभावी यात्रा प्रबंधन के तहत 16 अप्रैल से यात्रा मार्ग पर स्मार्ट चेकपोस्ट काम करने लगेंगे। चेकपोस्टों को वाई-फाई सुविधा से लैस कर दिया गया है।
परिवहन विभाग के मुताबिक 16 अप्रैल से आशारोड़ी, कटा पत्थर, कोठाल गेट, हर्बर्टपुर, ऋषिकेश, सत्यनारायण मंदिर, तपोवन, भद्रकाली और सोनप्रयाग समेत प्रमुख स्थानों पर चेक पोस्ट संचालित किए जाएंगे। यहां ग्रीन कार्ड, ट्रिप कार्ड और वाहनों की सघन जांच की जाएगी। वहीं यात्रा के दौरान प्रवर्तन टीमें भी सक्रिय रहेंगी, जो वाहनों की फिटनेस, दस्तावेज और सुरक्षा मानकों की जांच करेंगी।
ऋषिकेश में एक केंद्रीकृत कंट्रोल रूम स्थापित किया जा रहा है, जहां से श्रद्धालु टोल फ्री नंबर 0135-2743432 पर संपर्क कर तत्काल सहायता प्राप्त कर सकेंगे। विभाग के अनुसार, 30 मार्च से अब तक 1500 से अधिक ग्रीन कार्ड जारी किए जा चुके हैं।
यातायात व्यवस्था को सुचारु रखने के लिए हर्बर्टपुर और ऋषिकेश चेकपोस्ट पर बसों की पूर्व जांच की जाएगी, जिससे आगे कटा पत्थर, भद्रकाली और तपोवन में जाम की समस्या कम होगी। साथ ही आशारोड़ी और नारसन बॉर्डर पर वाहन चालकों के लिए रेस्ट पॉइंट भी विकसित किए जा रहे हैं।
सुरक्षा को और मजबूत बनाने के लिए बॉर्डर क्षेत्रों में एएनपीआर कैमरे सक्रिय कर दिए गए हैं, जो हर वाहन की निगरानी सीधे मुख्यालय तक पहुंचा रहे हैं।



