सिलक्यारा ऑपरेशनः सीएम ने की मजदूरों से बातचीत
सीएम पुष्कर सिंह धामी और केंद्रीय राज्यमंत्री जनरल वीके सिंह पहुंचे सिलक्यारा
Silkyara Operation : उत्तरकाशी। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और केंद्रीय राज्य मंत्री जनरल (रिटा.) वीके सिंह ने गुरुवार को सिलक्यारा पहुंचकर टनल रेस्क्यू ऑपरेशन का जायज़ा लिया। साथ ही टनल में चल रहे राहत व बचाव कार्यों जानकारी हासिल की।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने टनल के प्रवेशद्वार पर स्थित बाबा बौखनाग के मंदिर पर शीश नवाते हुए आशीर्वाद लेकर सभी श्रमिकों के जल्द रेस्क्यू होने की कामना की। उन्होंने अंतरराष्ट्रीय टनल विशेषज्ञ प्रो अर्नोल्ड डिक्स से सुरंग में चल रहे रेस्क्यू अभियान के तकनीकी पक्ष के बारे में भी जानकारी ली।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने टनल में स्थापित ऑडियो कम्युनिकेशन सेटअप के माध्यम से अंदर फंसे श्रमिकों से बात की। उन्होंने श्रमिकों का हालचाल जानते हुए उनका हौसला बढ़ाया। श्रमिकों से बात करते हुए कहा कि राहत और बचाव कार्य युद्धस्तर पर चल रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी निरंतर स्थिति पर नजर बनाएं हुए हैं। नियमित रूप से रेस्क्यू अभियान की प्रगति की जानकारी ले रहे हैं। पूरा देश आपके साथ खड़ा है। राज्य सरकार भी हर स्थिति में आपके साथ खड़ी है। सभी श्रमिक भाई हौसला बनाएं रखें।
मुख्यमंत्री ने रेस्क्यू ऑपरेशन में रात दिन जुटे श्रमिकों से भी बातकर उनकी पीठ थपथपाई। कहा आप सभी की मेहनत से रेस्क्यू कार्य सफलता की ओर बढ़ रहा है। टनल में फंसी बहुमूल्य जिंदगियों को बचाने में श्रमिकों का योगदान हमेशा याद रखा जाएगा। रेस्क्यू ऑपरेशन में श्रमिकों को दिक्कत ना हो इसका भी विशेष ध्यान रखा गया है।
इस मौके पर मुख्यमंत्री ने ड्रीलिंग के दौरान पाइप के मुहाने पर फंसे धातु के टुकड़ों को पाइप के अंदर रेंगकर काटने के अत्यंत दुष्कर कार्य को सफलतापूर्वक अंजाम देने वाले श्रमिक प्रदीप यादव और बलविंदर की भी सराहना की। धामी ने ऑगर मशीन से ड्रीलिंग की प्रक्रिया की भी जानकारी ली। उन्होंने टनल में फंसे श्रमिकों को भेजे जाने वाले भोजन की गुणवत्ता की भी जांच की। कहा श्रमिकों को निकालने के लिए हरसंभव प्रयास जारी रहे। हम सभी की प्राथमिकता उन्हें सुरक्षित बाहर निकालना है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और केंद्रीय राज्य मंत्री जनरल (रिटा.) वीके सिंह ने राहत बचाव कार्य में जुटे एनडीआरएफ, एसडीआरएफ, पुलिस जवानों स्वास्थ्यकर्मियों और इंजीनियरो से भी मुलाकात कर उनका हौसला बढ़ाया। मौके पर सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्रालय के सचिव अनुराग जैन, एमडी एनएचआईडीसीएल महमूद अहमद, कमिश्नर गढ़वाल मंडल विनय शंकर पांडे, सचिव डॉ. नीरज खैरवाल, सूचना महानिदेशक बंशीधर तिवारी, जिलाधिकारी अभिषेक रूहेला, पुलिस अधीक्षक अर्पण यदुवंशी आदि मौजूद थे।