एसडीआरएफ ने छात्रों को दिया आपदा प्रबंधन का प्रशिक्षण

ऋषिकेश/टिहरी गढ़वाल। राजकीय इंटर कॉलेज पावकी देवी में शनिवार को एसडीआरएफ ओर से आपदा प्रबंधन पर जागरूकता एवं प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं और शिक्षकों को आपदा के समय सावधानियों और प्राथमिक उपचार की जानकारी दी गई।
प्रशिक्षण के दौरान एसडीआरएफ टीम ने विद्यार्थियों को भूकंप, आगजनी और जल दुर्घटनाओं जैसी संभावित आपदाओं के समय सुरक्षित रहने के उपायों बताए। इस दौरान फर्स्ट एड, सीपीआर, रक्तस्राव रोकने और घायलों के सुरक्षित रेस्क्यू के लिए मूविंग व लिफ्टिंग तकनीकों का प्रदर्शन किया गया।
टीम ने रोप के माध्यम से रिवर क्रॉसिंग तकनीक का व्यावहारिक प्रदर्शन के साथ उन्हें रेस्क्यू के आधुनिक उपकरणों की जानकारी भी दी। छात्रों को आपदा की स्थिति में घबराने के बजाय संयम, सूझबूझ और सतर्कता रखने के लिए प्रेरित किया गया।
कार्यक्रम में लगभग 100 छात्र-छात्राओं और 21 अध्यापकों ने प्रतिभाग किया। विद्यालय प्रबंधन का कहना था कि प्रशिक्षण कार्यक्रमों से विद्यार्थियों में जागरूकता बढ़ती है। समापन पर प्रधानाचार्य रणवीर सिंह बिष्ट ने एसडीआरएफ टीम का आभार जताया।
मौके पर विक्रम सिंह बिष्ट, वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी अरविंद सिंह कंडारी, कृष्णा सिंह, विनय कृष्णा, राधा कृष्ण, ओंकार सिंह, डा. सूरज शर्मा, पवन कुमार रघुवंशी, सुभाष चंद्र, लक्ष्मी विलास कुकरेती, ममता पुंडीर, भारती देवी, विपिन चंद्र, सुरेंद्र सिंह चौहान आदि मौजूद रहे।



