राष्ट्रभक्ति, त्याग, समर्पण के प्रतीक थे पं. रामसुमेर
सीएम ने रुद्रपुर में स्वतंत्रता सेनानी पंडित राम सुमेर शुक्ल को दी श्रद्धांजलि

रुद्रपुर। स्वतंत्रता संग्राम सेनानी एवं तराई विकास के शिल्पकार पंडित राम सुमेर शुक्ल की 47वीं पुण्यतिथि पर रविवार को रुद्रपुर राजकीय मेडिकल कॉलेज परिसर में श्रद्धांजलि सभा आयोजित हुई। बतौर मुख्य अतिथि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान उनके जीवन परिचय पर आधारित शिलापट का अनावरण भी किया गया। कार्यक्रम में विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य करने वाले 11 व्यक्तियों को सम्मानित भी किया गया।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि पंडित राम सुमेर शुक्ल राष्ट्रभक्ति, त्याग और समर्पण के प्रतीक थे। छात्र जीवन से ही उनके भीतर राष्ट्रसेवा की भावना प्रबल रही। वर्ष 1936 में लाहौर अधिवेशन के दौरान जिन्ना के विभाजनकारी सिद्धांत का प्रखर विरोध कर उन्होंने देशभर का ध्यान आकर्षित किया। गांधीजी के आदर्शों से प्रभावित होकर उन्होंने वकालत छोड़ स्वतंत्रता आंदोलन में स्वयं को समर्पित कर दिया। अनेक बार जेल जाने और प्रताड़नाएं सहने के बावजूद उनका साहस अडिग रहा।
सीएम ने कहा कि स्वतंत्रता प्राप्ति के बाद भी पंडित शुक्ल ने तराई क्षेत्र के विकास को जीवन का ध्येय बनाया। तराई कॉलोनाइजेशन योजना के अध्यक्ष के रूप में उन्होंने क्षेत्र की मजबूत आधारशिला रखी। कहा कि आज रुद्रपुर और तराई का स्वरूप उनकी दूरदृष्टि का परिणाम है। उन्होंने यह भी कहा कि पंडित शुक्ल की विरासत को उनके पुत्र एवं पूर्व विधायक राजेश शुक्ल आगे बढ़ा रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में उत्तराखण्ड तेजी से विकास के नए आयाम छू रहा है। रुद्रपुर मेडिकल कॉलेज के निर्माण सहित क्षेत्र में कई महत्वपूर्ण परियोजनाएं प्रगति पर हैं। इसमें रुद्रपुर बाईपास, नई चार लेन सड़कें, रेलवे स्टेशन अपग्रेडेशन, आधुनिक कूड़ा प्रबंधन प्लांट, पिंक टॉयलेट्स और कंप्रेस्ड बायोगैस प्लांट जैसी परियोजनाएं शामिल हैं।
उन्होंने बताया कि किच्छा में एम्स ऋषिकेश का सैटेलाइट सेंटर, पंतनगर में अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा, खेल सुविधाओं का विस्तार, औद्योगिक क्लस्टरों की स्थापना और खुरपिया फार्म में प्रस्तावित स्मार्ट सिटी क्षेत्र की प्रगति को गति देंगे। जमरानी बांध परियोजना पुनः शुरू होने से तराई को स्थायी जल और सिंचाई सुविधा मिलेगी।
कार्यक्रम में पूर्व विधायक राजेश शुक्ला, विधायक शिव अरोरा, मेयर विकास शर्मा, दीपक बाली, दर्जा मंत्री अनिल कपूर डब्बू, फरजाना बेगम, खातिब मलिक, मंजीत सिंह, उत्तम दत्ता, मुकेश कुमार, गदरपुर नगरपालिका अध्यक्ष मिंटू गुम्बर, सचिन शुक्ला, नगर पंचायत दिनेशपुर अध्यक्ष मंजीत कौर, पंडित राम सुमेर शुक्ल मेमोरियल फाउंडेशन ट्रस्ट अध्यक्ष दिनेश शुक्ला, जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया आदि मौजूद रहे।



