First Woman Speaker of Uttarakhand: देहरादून। भारतीय जनता पार्टी ने ऋतु खंडूरी को स्पीकर की जिम्मेदारी सौंपने का निर्णय लिया है। वह उत्तराखंड विधानसभा की पहली महिला अध्यक्ष होंगी। पार्टी ने दूसरी बार जीतने पर उन्हें यह ओहदा दिया है।
पूर्व सीएम जनरल बीसी खंडूरी के बेटी ऋतु खंडूरी दो बार जीत कर विधानसभा पहुंची हैं। इसबार नई सीट होने के बावजूद कोटद्वार से बेहतर अंतर के साथ जीती। जिसके चलते उनका नाम राज्य की पहली मुख्यमंत्री के तौर पर भी सियासी हलके में उछाला जा रहा था। ऋतु भले ही पहली मुख्यमंत्री नहीं बनी, लेकिन वह राज्य की पहली स्पीकर बनने जा रही हैं।
29 जनवरी 1965 को नैनीताल में जन्मी ऋतु खंडूरी मूलरूप से उत्तराखंड के पौड़ी गढ़वाल की रहने वाली हैं। उनके पिता जनरल बीसी खंडूरी राज्य के मुख्यमंत्री रहे। इससे पहले वह वाजपेयी सरकार में मंत्री भी बने।
ऋतु की शुरूआती शिक्षा कई स्थानों पर हुई। उन्होंने मेरठ के रघुनाथ गर्ल्स कॉलेज से अपनी ग्रेजुएशन की पढ़ाई की। उसके उपरांत उन्होंने राजस्थान विश्वविद्यालय से पोस्ट ग्रेजुएशन किया और दिल्ली से पत्रकारिता में डिप्लोमा लिया। 2006 से 2017 तक उन्होंने नोएडा स्थित एमिटी विश्वविद्यालय में फैकल्टी के रूप में भी कार्य किया।
उत्तराखंड की राजनीति में बीसी खंडूडी के बेहद साफ छवि रही है। ऋतु को भी लोगों को भरपूर प्यार मिला है। यही वजह है कि वह दोबारा चुनाव जीतीं और पहली महिला स्पीकर के रूप में शपथ लेंगी।