
ऋषिकेश। उत्तराखंड में 2027 के विधानसभा चुनाव में अभी पूरे आठ महीने बाकी हैं। बावजूद राजनीतिक हलचलें अभी से दिखने लगी है। ताजा मामले में भाजपा के वरिष्ठ कार्यकर्ता भगतराम कोठारी ने ऋषिकेश विधानसभा सीट पर अपनी दावेदारी खुलकर पेश कर दी है। जिसके बाद स्थानीय राजनीति में चर्चाओं का दौर शुरू हो गया है।
करीब 45 वर्षों से सक्रिय राजनीति में भूमिका निभा रहे भगतराम कोठारी ने यह दावेदारी अपनी सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए की है। कहा कि उन्होंने लंबे समय तक पार्टी संगठन को मजबूत करने और विभिन्न चुनावों में पार्टी प्रत्याशियों की जीत सुनिश्चित करने के लिए समर्पण भाव से कार्य किया है। यह भी कि उनकी कार्यशैली हमेशा परिणाम केंद्रित और संगठन हित में रही है।
कोठारी ने पार्टी नेतृत्व से आग्रह करते हुए कहा कि 2027 के विधानसभा चुनाव में उन्हें ऋषिकेश सीट से चुनाव लड़ने का अवसर दिया जाए। उन्होंने विशेष रूप से पुष्कर सिंह धामी, महेंद्र भट्ट और त्रिवेंद्र सिंह रावत से इस विषय में सकारात्मक विचार करने की अपील की है।
वहीं, कोठारी ने भावनात्मक अंदाज में यह भी कहा कि मैंने आज तक हमेशा दूसरों के लिए वोट मांगा है, अब अपने लिए समर्थन मांग रहा हूं। उन्होंने ऋषिकेश क्षेत्र के बुजुर्गों, युवाओं, महिलाओं और समर्थकों से भी आगामी चुनाव में अपने विवेक से उनका समर्थन करने की अपील की है।
बता दें कि भगतराम कोठारी पूर्व में नगरपालिका ऋषिकेश के सदस्य और वरिष्ठ उपाध्यक्ष रह चुके हैं। इसके अतिरिक्त वे उत्तराखंड राज्य आंदोलन से भी जुड़े रहे हैं। त्रिवेंद्र सरकार में वह राज्यमंत्री की जिम्मेदारी निभा चुके हैं।
राजनीतिक जानकारों की मानें, तो ऋषिकेश सीट पर इस तरह की खुली दावेदारी से भाजपा के भीतर टिकट वितरण को लेकर चर्चाएं और तेज हो सकती हैं। साथ ही आने वाले वक्त में संगठनात्मक समीकरण और स्थानीय जनसमर्थन की ताकत इस सीट पर टिकट के दावेदारों के भविष्य को तय करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है।



