
ऋषिकेश। बदरीनाथ हाईवे पर तोताघाटी क्षेत्र में भूस्खलन की चपेट में एक ट्रक मलबे में दब गया। हादसे में ट्रक चालक की मौत हो गई। एसडीआरएफ ने मौके पर पहुंचकर चालक का शव बरामद किया।
जानकारी के अनुसार रविवार सुबहज करीब तीन बजे एसडीआरएफ को सूचना मिली कि तोताघाटी के पास एक ट्रक पर मलबा और पत्थर गिर गए हैं। ट्रक के केबिन में चालक के फंसे होने की आशंका जताई गई थी। भूस्खलन के कारण हाईवे भी बाधित रहा।
एसडीआरएफ की टीम ने उपनिरीक्षक सावर सिंह नेगी के नेतृत्व में राहत एवं बचाव अभियान चलाते हुए मलबे में दबे ट्रक से एक शव बाहर निकाला। मृतक की पहचान मुरारी लाल (55) पुत्र दुर्गा लाल, निवासी घुट्टियानी, जनपद चमोली गढ़वाल के रूप में हुई है।



