गोल्ड मेडलिस्ट ‘मयंक’ का इन संस्थाओं ने किया अभिनंदन

ऋषिकेश। काठमांडू नेपाल में अंतरराष्ट्रीय योग प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक विजेता खदरी खड़कमाफ के युवा मयंक गिरी का कई संस्थाओं ने अभिनंदन किया। मयंक ने प्रतियोगिता में दो स्वर्ण पदक जीतकर उत्तराखंड नाम रोशन किया।
अंतराष्ट्रीय स्तर पर योग विद्या के शानदार प्रदर्शन से स्वर्ण पदक जीतने वाले मयंक गिरी का अंतरराष्ट्रीय गढ़वाल महासभा के अध्यक्ष डॉ राजे नेगी, शिक्षा संस्कृति उत्थान न्यास के प्रांत पर्यावरण प्रमुख विनोद जुगलान और शीशपाल गोस्वामी ने अंगवस्त्र, पुष्पगुच्छ प्रदान कर सम्मानित किया। मयंक ने बताया कि उनका अगला लक्ष्य अ्रप्रैल 2024 में दुबई में प्रस्तावित एशियाड में भारत के लिए स्वर्ण जीतना है।
डॉ. राजे नेगी ने कहा कि हमारे उत्तराखंड में प्रतिभाओं की कमी नहीं है। सरकार को उनकी प्रतिभा के विकास के लिए आर्थिक तौर पर भी सहयोग करना चाहिए। विनोद जुगलान ने कहा कि मयंक ने विपरीत परिस्थितियों में संघर्ष कर खुद को साबित किया है। उनके श्रेष्ठ प्रदर्शन से भारतीय योग परंपरा और संस्कृति को बल मिलेगा। मौके पर मनोज नेगी, पंकज गुसाईं आदि मौजूद रहे।